मुख्य बातें

कॉकरोच जनता पार्टी पर सिंधिया और खंडेलवाल का तंज: शिवपुरी में बोले- राजनीति ट्रेंड से नहीं, जनता के बीच काम करने से चलती है – Shivpuri News

कॉकरोच जनता पार्टी पर सिंधिया और खंडेलवाल का तंज:  शिवपुरी में बोले- राजनीति ट्रेंड से नहीं, जनता के बीच काम करने से चलती है – Shivpuri News

शिवपुरी में आयोजित भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को लेकर पूछे गए सवालों पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपनी प्रतिक्रिया दी। दोनों नेताओं ने इस ऑनलाइन ट्रेंड को खारिज करते हुए कहा कि वास्तविक राजनीति इंटरनेट पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर जनता की सेवा करने से होती है। शनिवार को मीडिया से चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश की जनता पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है और ‘विकसित भारत 2047’ के सपने को साकार करने में जुटी है। उन्होंने माना कि एक टिप्पणी के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा में जरूर आया, लेकिन भाजपा का मुख्य ध्यान सिर्फ देश के विकास और जनता की सेवा पर केंद्रित है। सिंधिया ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर रोज नए-नए मुद्दे सामने आते रहते हैं, लेकिन वास्तविक राजनीति जनता के बीच रहकर काम करने से ही होती है और भाजपा देश को आगे बढ़ाने के कार्य में निरंतर लगी हुई है। ट्रेंड या फॉलोअर्स की संख्या से नहीं चलती राजनीति
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने CJP के बढ़ते फॉलोअर्स को लेकर कहा कि सोशल मीडिया और जमीनी राजनीति में बहुत बड़ा अंतर होता है। उन्होंने कहा, “कई बार कोई बात तेजी से वायरल हो जाती है और कुछ दिनों तक चर्चा में बनी रहती है, लेकिन उसका प्रभाव लंबे समय तक नहीं टिकता।” खंडेलवाल ने जोर देते हुए कहा कि राजनीति केवल इंटरनेट के ट्रेंड या फॉलोअर्स की संख्या से नहीं चलती है। स्थापित राजनीतिक दलों से CJP की तुलना अनुचित
हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस या कोई भी अन्य दल हो, वे अपनी विचारधारा और संगठन के दम पर कई वर्षों से जनता के बीच सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। केवल वही पार्टी या विचारधारा लंबे समय तक टिक पाती है, जो जनता के बीच रहकर काम करती है। ऐसे में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की तुलना स्थापित राजनीतिक दलों से करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। हालांकि, जब उनसे CJP के एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर प्रतिबंध लगने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस पर कुछ भी कहने से परहेज किया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *