गाजियाबाद के आरडीसी इलाके में छोले-कुलचे की एक दुकान पर खाने में कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। एक ग्राहक द्वारा सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीर वायरल करने के बाद फूड सेफ्टी विभाग हरकत में आया। विभाग ने दुकान की जांच कर सैंपल लिए हैं। जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक आरडीसी स्थित स्ट्रीट फूड वेंडर की दुकान पर छोले-कुलचे खाने पहुंचा था। कुलचा तोड़ते ही उसमें एक मरा हुआ कॉकरोच दिखा। ग्राहक ने तुरंत इसकी तस्वीर खींचकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी और फूड सेफ्टी विभाग को शिकायत भेजी। यह मामला जल्द ही वायरल हो गया। विभाग की टीम सोमवार को जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन दुकान बंद मिली। इसके बाद मंगलवार को टीम दोबारा मौके पर पहुंची और जांच की कार्रवाई की। फूड सेफ्टी अधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि यह एक स्ट्रीट फूड वेंडर की दुकान है। जांच के दौरान पाया गया कि जहां छोले-कुलचे तैयार किए जाते हैं, उसके पास ही एक पेड़ है। पेड़ के नीचे गंदगी और कीड़े-मकोड़े भी मिले। किचन में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। जांच के दौरान दुकान में इस्तेमाल हो रहा पनीर भी संदिग्ध लगा। अधिकारी आशुतोष कुमार के अनुसार, पनीर की गुणवत्ता सही नहीं लग रही थी। इसलिए मौके से पनीर का सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फूड सेफ्टी विभाग ने दुकानदार को नोटिस जारी कर साफ-सफाई सुधारने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाने-पीने की चीजों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने यह भी बताया कि जल्द ही एक अभियान चलाकर शहर की अन्य दुकानों और स्ट्रीट फूड वेंडर्स की भी जांच की जाएगी।
Source link
