एटा जिले के निधौली कला थाना क्षेत्र के जिटौली गांव में मंगलवार को एक नवविवाहित युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। 19 वर्षीय युवक को परिजन उपचार के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जिटौली गांव निवासी 19 वर्षीय वीके पुत्र नरेश के रूप में हुई है। वह रविवार को हाथरस जिले के महमूदपुरा गांव स्थित अपनी बहन के घर गया था और पिछले दो दिनों से वहीं रह रहा था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे वीके नौकरी पर जाने की बात कहकर बहन के घर से निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब 4 बजे युवक गांव जिटौली के पास खेतों में पड़ा मिला। खेतों में युवक को अचेत अवस्था में देख परिजन तुरंत उसे एटा मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के जीजा भूरे ने बताया कि वीके उनके घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था। परिजनों का कहना है कि युवक ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link
