खगड़िया जिले के चौथम प्रखंड अंतर्गत हरदिया पंचायत के हरदिया पुनर्वास गांव में मां की मौत के चार दिन बाद उनके बड़े बेटे का भी निधन हो गया। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
.
हाई टेंशन तार की चपेट में आने से हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, बीते 6 अक्टूबर को हरदिया गांव निवासी जनक सिंह की 55 वर्षीय पत्नी शिरोमणि देवी की मौत 11 हजार के हाई टेंशन तार की चपेट में आने से हो गई थी। इस घटना से पूरा गांव आहत था।
हृदयगति रुकने से हुआ निधन
मां की मौत की खबर मिलते ही उनके बड़े बेटे 30 वर्षीय अशोक कुमार सिंह की हालत बिगड़ गई। मां के वियोग में चार दिन बाद ही अशोक कुमार सिंह का भी निधन हो गया। परिजनों के अनुसार, अशोक कुमार सिंह का निधन हृदयगति रुकने से हुआ। वहीं, कुछ लोगों ने बताया कि वह चमकी बीमारी से ग्रसित थे, जिसके कारण उनके मस्तिष्क में खून जम गया था।
परिवार में मचा कोहराम
जनक सिंह ने एक सप्ताह के भीतर अपनी पत्नी और बेटे को खो दिया है। परिवार में अब कोई कमाने वाला नहीं बचा है, जिससे उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जिला प्रशासन से बिजली विभाग से मुआवजे की मांग की है, ताकि वे अपना जीवन यापन कर सकें।
