गोपालगंज के कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से JDU विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ रोड शो किया। 5 बार के विधायक ने इस दौरान अपनी ताकत का प्रदर्शन किया और जनता से समर्थन मांगा।
.
रोड शो से पहले, विधायक पप्पू पांडेय ने अपने भतीजे और पूर्व जिला परिषद चेयरमैन मुकेश पांडेय के साथ सुप्रसिद्ध थावे भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उनका काफिला कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरा, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
गोपालगंज में JDU विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के रोड शो में भीड़।
चौक-चौराहों पर रुककर लोगों का किया अभिवादन
विधायक ने विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर लोगों का अभिवादन किया। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वे क्षेत्र के विकास और उनकी समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य क्षेत्र के हर वर्ग को न्याय दिलाना और उनका जीवन स्तर ऊपर उठाना है।
‘क्षेत्र की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित’
पप्पू पांडेय ने जनता से मिले समर्थन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे हमेशा गरीबों और वंचितों के साथ खड़े रहते हैं, और उन्हें जनता का पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने ‘जो बांटिएगा वह पाइएगा… जो बोइएगा वही काटिएगा’ का उदाहरण देते हुए कहा कि वे हमेशा गरीबों के साथ रहते हैं और क्षेत्र का विकास करते हैं।
‘एक बार फिर NDA की सरकार बनेगी’
विधायक ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर NDA की सरकार बनेगी। ‘बाहुबली’ के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि वे जनता के सेवक हैं, कोई बाहुबली नहीं। रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।
