टीवी का रिमोट तोड़ने पर मां की डांट से नाराज हुआ यमुनानगर में सातवीं कक्षा का छात्र घर से भाग गया। वह अकेला ही अपने दादा-दादी जोकि गोरखपुर(यूपी) में रहते हैं से मिलने के लिए खाली जेब निकला पड़ा, लेकिन गलत ट्रेन पकड़कर वह पटियाला पहुंच गया।
.
छात्र को किसी ने स्टेशन पर घूमता देख वहां पुलिस के हवाले किया, जिसके बाद आरपीएफ ने बच्चे को उसके माता-पिता के पास वापिस पहुंचाया, जिससे पेरेंट को राहत की सांस आई। बच्चे के अचानक लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
ढाई बजे के बाद घर में नजर नहीं आया
बच्चे के पिता धर्मेंद्र गुप्ता ने बताया कि वह गोरखपुर(यूपी) का रहने वाला है, फिलहाल यमुनानगर के लाजपत नगर में रह रहा है और फैक्ट्री में काम करता है। उसके पास तीन बच्चे हैं , जिनमें सबसे बड़ा 13 वर्षीय बेटा हरीश गुप्ता सातवीं कक्षा में पढ़ता है।
हरीश रविवार को घर पर था और टीवी देख रहा था। इस दौरान उससे टीवी का रिमोट टूट गया, जिस पर उसकी मां ने उसे जरा सा डांट दिया। डांट के बाद हरीश घर ही था, लेकिन ढाई बजे वह अचानक से घर से कहां चला गया कुछ पता नहीं चला।
पुलिस ने अपहरण का मामला किया दर्ज
हमें लगा कि वह आसपास खेल रहा होगा, लेकिन जब शाम तक भी वह नहीं लौटा तो उन्हें शक हुआ और आसपास के क्षेत्र में उसकी छानबीन की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। बेटे के अचानक से गुम हो जाने पर सभी की चिंता बढ़ गई।
उन्होंने इस बारे तुरंत यमुनानगर सिटी थाने में शिकायत दी। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन देर रात तक कुछ पता नहीं चल पाया। उन्हें रात करीब 12 बजे सीआरपीएफ की तरफ से कॉल आई कि उसका बेटा उनके पास है।
सीआरपीएफ ने वेरिफाई कर परिजनों को साैंपा
वह तुरंत यमुनानगर रेवले स्टेशन पहुंचा, जहां पर वेरिफिकेशन करके आरपीएफ ने बेटे को उसके हवाले कर दिया। पूछताछ में बेटे हरीश ने बताया कि वह नाराज होकर गोरखपुर में अपनी दादी के पास जा रहा था, लेकिन वह गलत ट्रेन में बैठ गया, जिस कारण वह पटियाला पहुंच गया।
पटियाला में ट्रेन में उसने किसी व्यक्ति से पूछा कि गोरखपुर कितनी देर में आएगा तो उसने बताया कि वह गलत ट्रेन में चढ़ गया है। इस पर उक्त व्यक्ति ने उसे अकेला पाकर सीआरपीएफ के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे यमुनानगर वापिस भेज दिया। यहां रेलवे स्टेशन से रात करीब 12 बजे कॉल आई कि उनका बेटा स्टेशन पर है आकर ले जाएं। धर्मेँद्र ने बताया कि उसने इस बारे में यमुनानगर सिटी थाना में सूचित कर दिया है।
