जाखल थाने के बाहर धरने पर बैठे ग्रामीण।
फतेहाबाद के जाखल खंड के चांदपुरा गांव में एक सप्ताह पहले मिले 6 महीने की बच्ची के भ्रूण मामले को लेकर ग्रामीणों और समाजसेवियों ने जाखल थाने के बाहर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को सजा दिए जाने की मांग की।
.
यह घटना क्षेत्र में काफी रोष का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों ने इससे पहले सोमवार को गांव में कैंडल मार्च निकालकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई न होने पर लोगों ने यह धरना प्रदर्शन किया।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए गांव के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दे रही है।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से की सहयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने भी इस मामले में गांव की 22 गर्भवती महिलाओं की जांच की है, जिनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई। आशंका जताई जा रही है कि यह मामला बाहरी क्षेत्र से जुड़ा हो सकता है। धरने में चांदपुरा के साथ-साथ अन्य गांवों के लोग और समाजसेवी भी शामिल हुए।
धरने की सूचना मिलते ही जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से पुलिस जांच में सहयोग की अपील भी की।
