राम चंद्र सैनी | फतेहपुर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फतेहपुर के केशव शरण वर्मा की अमरोहा में मौत हो गई।
अमरोहा की नौगवा सादतपुर तहसील में तैनात लेखपाल केशव शरण वर्मा (49) की मंगलवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। वे ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान एक बेलगाम घोड़े से उनकी बाइक टकरा गई। घोड़े पर लदी लोहे की रॉड उनके सीने में लग गई।
घटना के बाद तहसील अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें अमरोहा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। केशव शरण फतेहपुर जिले के ग्राम भगौनापुर के रहने वाले थे। वे पर्यावरण संरक्षक शांति स्वरूप वर्मा के सबसे छोटे पुत्र थे।
केशव शरण अपने पीछे पत्नी रश्मि और दो बेटे राघव उमराव (11) और कृष्णा उमराव (8) को छोड़ गए हैं। वे नौ भाई-बहनों में सबसे छोटे थे। उनका अंतिम संस्कार 3 सितंबर को उनके गांव भगौनापुर में किया जाएगा।
