बालाघाट लांजी पुलिस ने लूट के दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। किरनापुर थाना अंतर्गत किन्ही चौकी के नंबरटोला निवासी डुलेन्द्र धनवले (35) और बालाघाट कोतवाली के सरेखा निवासी दीपक परते (25) को पुलिस ने लांजी में नकाब पहनाकर जुलूस निकाला। ये आरोप
.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं और भागने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
आरोपियों ने घर में रखे डिब्बे से 4 हजार रुपए लूटे थे
यह मामला 23 अक्टूबर को लांजी थाना अंतर्गत खुर्सीटोला में हुई लूट की वारदात से संबंधित है। पीड़िता पार्वती जामुरे (62) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपनी बहन के साथ खाना खाने के बाद सो रही थीं, तभी रात 12 से 1 बजे के बीच तीन नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने दोनों बहनों का मुंह दबाकर चाकू मारने की धमकी दी और घर में रखे डिब्बे से 4 हजार रुपए लूट लिए।
इस शिकायत पर लांजी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर ही इस साजिश में शामिल कालीमाटी निवासी खेलनबाई हनोते (70) और बेनेगांव निवासी निकेश कबीरे (27) को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, डुलेन्द्र धनवले और दीपक परते घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
पुलिस ने वृद्ध महिला के घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले इन आरोपियों को सबक सिखाने और अपराधियों में पुलिस का भय पैदा करने के उद्देश्य से नगर में उनका जुलूस निकाला।
थाना प्रभारी दीपसिंह परमार ने बताया कि लूट के इस मामले में सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिसकर्मी सुंदरलाल पवार, आशुतोष, रूपसिंह और महेन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
