झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक अबु इमरान ने शुक्रवार को धनबाद में स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) और सदर अस्पताल का दौरा किया।
.
परिजनों से बात कर सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली
SNMMCH में उन्होंने इमरजेंसी वार्ड सहित सभी प्रमुख विभागों का जायजा लिया। उन्होंने इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों से बात कर सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं, वेस्ट मैनेजमेंट और स्टाफ की उपस्थिति का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान SNMMCH के अधीक्षक डी.के. गंदौरिया और अन्य अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।
SNMMCH का निरीक्षण पूरा करने के बाद, अबु इमरान सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने साफ-सफाई, मरीजों के लिए बिस्तरों की उपलब्धता, दवाओं की आपूर्ति, लैब सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
