चंडीगढ़ की एक कॉलोनी में मिला कारतूस।
चंडीगढ़ की एक कॉलोनी में सड़क पर 4 जिंदा कारतूस मिले हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि देर शाम यहां एक लड़का-लड़की जबरदस्ती अंदर घुस आए थे। गाड़ी में सवार होकर दोनों कॉलोनी में हंगामा कर रहे थे।
.
नशे की हालत में डेंजर ड्राइविंग करते हुए लोगों को डरा रहे थे। एक स्कूटर सवार व्यक्ति उनकी गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। कॉलोनीवासियों के अनुसार, उनके पास पिस्टल भी थी।
इसके बाद सुबह यहां कारतूस दिखाई दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। यहां दोनों से पूछताछ की गई। इसके बाद ड्राइविंग कर रहे लड़के पर डेंजर ड्राइविंग का केस दर्ज कर लिया गया।
इस गाड़ी में आए थे लडका व लडकी।
सिलसिलेवार पढ़िए क्या है पूरा मामला…
- गाड़ी चालक के पास पिस्टल थी: ट्रिब्यून कॉलोनी के लोगों का कहना है कि रविवार देर शाम एक युवक-युवती गाड़ी में सवार होकर जबरदस्ती अंदर घुस गए। गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उसके साथ भी बदतमीजी करने लगे। बिना किसी डर के कॉलोनी में अंदर तक आ गए।
- गाड़ी को हिट कर अंदर घुसे: कालोनीवासियों के अनुसार, दोनों के कुछ ही देर बाद कुछ लोग और अंदर घुस आए। उन लोगों ने कहा कि युवक-युवती उनकी गाड़ी को हिट कर भागकर कॉलोनी के अंदर घुसे हैं। इनके पास पिस्तौल और कारतूस भी है। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। लोगों ने कहा कि दोनों नशे की हालत में लग रहे थे। वे काफी घबराए हुए थे।
- पुलिस दोनों को साथ ले गई: कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस को कॉल की थी और जब थाना इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस आई तो पुलिस को गाड़ी की तलाशी लेने के लिए कहा, लेकिन पुलिस ने गाड़ी की तलाशी नहीं ली। दोनों को अपने साथ ले गई।
- अगली सुबह मिले कारतूस: इस पूरे घटनाक्रम के बाद रविवार सुबह लोगों को कॉलोनी की सड़क से 4 कारतूस मिले। कालोनीवासियों का कहना है कि बीते दिन अंदर घुसे युवक-युवती के ही ये कारतूस है। वे लोग ही पिस्टल लेकर घूम रहे थे।

कॉलोनी में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
डेंजर ड्राइविंग का चालान थाना इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस ने कहा कि उनके पास कॉल आई थी कि सेक्टर-29 की कॉलोनी में एक गाड़ी में सवार लड़का और लड़की जबरन घुस गए हैं। अंदर डेंजर ड्राइविंग कर रहे हैं। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और युवती को जांच के बाद छोड़ दिया। युवक के खिलाफ डेंजर ड्राइविंग का केस दर्ज कर लिया गया है। युवती उसकी दोस्त थी। जांच में पिस्तौल सामने नहीं आई है।
