अमरकंटक में फिर टूटा अवैध निर्माण पर हथौड़ा, दक्षिण तट पर भी हुई थी कार्रवाई
अमरकंटक नगर परिषद ने शुक्रवार सुबह वार्ड क्रमांक 14 में बड़ी कार्रवाई की। स्थानीय पुलिस और पटवारी की मौजूदगी में अवैध बाउंड्री और झुग्गी-झोपड़ियों को जेसीबी से हटाया गया।
.
जिला कलेक्टर और एसडीएम पुष्पराजगढ़ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। वार्ड से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग अवैध रूप से बाउंड्री बना रहे हैं और कब्जा कर रहे हैं।
नगर परिषद के सीएमओ चैन सिंह परस्ते ने बताया कि करीब 10 से 15 अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई। अचानक बारिश शुरू होने के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी। उन्होंने कहा कि बचे हुए अवैध निर्माणों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने स्पष्ट किया कि अमरकंटक में जहां भी इस तरह का अतिक्रमण मिलेगा, उसे हटाया जाएगा। कुछ दिन पहले ही अमरकंटक के दक्षिण तट पर भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।
अतिक्रमण करने वालों को समझाइश दी गई कि वे इस तरह से अवैध कब्जा न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जे करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
