राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट गुरुवार को दरभंगा पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मिथिला की परंपरा के अनुसार अंगवस्त्र, फूल-माला और पाग- चादर पहनाकर भव्य स्वागत किया। स्वागत के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताय
.
सचिन पायलट ने कहा कि बिहार में राहुल गांधी की यात्रा से जनता की आवाज को मजबूती मिलेगी। वोटर अधिकार यात्रा देश की जनता की आवाज बन चुकी है। यह जनता को उनके अधिकार दिलाने के लिए है। महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं से परेशान जनता अब बदलाव चाहती है।
एयरपोर्ट पर सचिन पायलट का स्वागत।
मोदी सरकार की कूटनीतिक नाकामी
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सचिन पायलट ने अमेरिकी टैरिफ पाबंदी और सरकार की कूटनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत जानता था कि अमेरिका ऐसा कदम उठा सकता है, इसके बावजूद कोई ठोस तैयारी नहीं की गई। अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया, जबकि चीन भारत से कहीं ज्यादा तेल खरीद रहा है। फिर भी चीन पर पाबंदी नहीं लगाई गई। यह मोदी सरकार की कूटनीतिक नाकामी है।
इस फैसले का सबसे बड़ा असर छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) पर पड़ेगा। कॉटेज इंडस्ट्री, हैंडीक्राफ्ट, छोटे एक्सपोर्ट कारोबारी, मिडिल स्टैंडर्ड इंडस्ट्रीज, इन सबको पहले से ही एक मजबूत राहत पैकेज मिलना चाहिए था। लेकिन सरकार ने कोई तैयारी नहीं की। बड़े उद्योगपतियों के लिए तो पैकेज और छूट उपलब्ध है। लेकिन छोटे दुकानदारों, कारीगरों और लाखों श्रमिकों की हालत खराब है। बैंक लोन, सब्सिडी और संसाधन कहीं नहीं हैं।

सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि आज लाखों लोग रोजगार खो चुके हैं। आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। सरकार को छोटे उद्योगों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बचाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। यह कैसी दोस्ती है, जिसमें अमेरिका भारत पर पाबंदी लगाता है और मोदी सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाती। यह सीधे-सीधे सरकार की कूटनीतिक विफलता है।
