रामपुर के सेरी पुल के पास विधायक स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए।
शिमला में रामपुर के सेरी पुल के पास जल्द ही नई सड़क का निर्माण शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए दो स्थानों का चयन कर लिया है। हिमाचल प्रदेश के सातवें वित्त आयोग के अध्यक्ष एवं रामपुर के विधायक नंद लाल ने मौके का निरीक्षण किया।
.
बता दें कि, वर्तमान में सेरी पुल में सड़क बाधित होने से देवठी, काशापाट, कूहल और सेरी मझाली पंचायतें लैंडस्लाइड से प्रभावित हैं। सड़क ध्वस्त होने से हजारों ग्रामीणों को आवाजाही, आपूर्ति और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में परेशानी हो रही है।
बरसात के कारण गानवी में पेयजल आपूर्ति बाधित है। लबाना सदाना, गानवी, फांचा, जघोरी, कूट और क्याओ पंचायतों का सड़क संपर्क टूट गया है। विधायक ने लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग को जल्द से जल्द सड़क व पेयजल आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
रामपुर के सेरी पुल के पास विधायक स्थानीय ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए।
लगाई जाएंगी दो मशीनें
गानवी खड्ड को पुराने रास्ते पर लाने के लिए सोमवार से दो मशीनें लगाई जाएंगी। विधायक ने कहा कि जब तक सड़क बहाल नहीं होती, तब तक बागवानों की नकदी फसलों को स्पैन के माध्यम से बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति और बागवानी स्पैन व्यवस्था तत्काल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर पंचायत समिति अध्यक्ष आशीष कायथ, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र नेगी, अधिशाषी अभियंता शक्ति सिंह (लोनिवि), रसवीर नेगी (जल शक्ति), कुकू शर्मा (विद्युत विभाग), डॉ संजय के चौहान (बागवानी), डॉ पवन कुमार (कृषि) सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
