दीपावली और छठ महापर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर से होकर चलने वाली कई पूजा विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें दिल्ली-सीतामढ़ी और नई दिल्ली-गोरखपुर रूट की ट्रेनें शामिल हैं। इन ट्रेनों के संचालन से गोरखपुर और आसप
.
दिल्ली-सीतामढ़ी पूजा स्पेशल
ट्रेन न. 04010/04009 दिल्ली-सीतामढ़ी पूजा विशेष गाड़ी का संचालन 2 अक्टूबर से 27 नवम्बर 2025 तक हर गुरुवार दिल्ली से और 3 अक्टूबर से 28 नवम्बर तक हर शुक्रवार सीतामढ़ी से होगा। कुल 9 फेरों के लिए यह ट्रेन चलेगी।
यह ट्रेन दिल्ली से रात 23:05 बजे चलेगी और दूसरे दिन गोंडा होते हुए गोरखपुर दोपहर 14:10 बजे पहुंचेगी। गोरखपुर से रवाना होकर यह बगहा, नरकटियागंज और रक्सौल होते हुए उसी दिन रात 22:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सीतामढ़ी से रात 23:55 बजे चलेगी और अगले दिन गोरखपुर सुबह 09:00 बजे पहुंचेगी, फिर दिल्ली की ओर बढ़ेगी।
इस गाड़ी में कुल 21 कोच लगाए जाएंगे जिनमें सामान्य, स्लीपर, एसी तृतीय, एसी द्वितीय और प्रथम श्रेणी के डिब्बे होंगे।
नई दिल्ली-गोरखपुर पूजा स्पेशल
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन न. 04022/04021 नई दिल्ली-गोरखपुर पूजा विशेष गाड़ी चलाई जाएगी। यह ट्रेन 19 सितम्बर से 28 नवम्बर 2025 तक कुल 10 फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन हर शुक्रवार को दोपहर 14:00 बजे नई दिल्ली से चलेगी और दूसरे दिन सुबह 05:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में हर शनिवार सुबह 07:00 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और उसी रात 23:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस गाड़ी में भी कुल 21 कोच होंगे जिनमें यात्रियों की सुविधा के लिए सभी श्रेणियां उपलब्ध रहेंगी।
यात्रियों के लिए राहत
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि त्योहारों के मौसम में गोरखपुर और आसपास के जिलों से लाखों यात्री दिल्ली और बिहार की ओर सफर करते हैं। इस मांग को देखते हुए पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से गोरखपुरवासियों और पूर्वांचल के यात्रियों को यात्रा में बड़ी राहत मिलेगी।
