किशनगंज में बहादुरगंज थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर नसीमगंज चौक के पास से भारी मात्रा में विदेशी शराब से लदी एक चार पहिया वाहन जब्त किया है। हालांकि, वाहन में सवार शराब तस्कर और चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए।
.
जब्त वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसमें से करीब 208 लीटर विदेशी शराब बरामद की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज की ओर से शराब की एक बड़ी खेप NH 327E के रास्ते अररिया ले जाई जा रही है।
गाड़ी सवार तस्कर मौके से फरार
इस सूचना के आधार पर बहादुरगंज थाना पुलिस ने नसीमगंज चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। चेकिंग के दौरान ठाकुरगंज की दिशा से आ रही एक स्कॉर्पियो (SK 01 PA 9718) पुलिस को देखकर रुक गई, जिसके बाद उसमें सवार तस्कर मौके से फरार हो गए।
6 कार्टून ऑफिसर चॉइस मिली
बरामद शराब में 6 कार्टून ऑफिसर चॉइस (180 एमएल की 288 बोतलें, कुल 51.840 लीटर) और हैवर्ड्स कंपनी के मार्का वाले बियर के 13 कार्टून (500 एमएल की 312 बोतलें) शामिल हैं। कुल मिलाकर 207 लीटर 840 मिलीलीटर विदेशी शराब जब्त की गई है।
थाना अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया, गश्ती दल में शामिल पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार ने जब्त वाहन के मालिक के खिलाफ कांड संख्या 393/2025 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
