जींद पुलिस की सीआईए नरवाना टीम ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो नशा तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 30 किलोग्राम चूरापोस्त और एक किलोग्राम अफीम बरामद हुई है। यह खेप कैंटर में चावल के कट्टों के बीच छिपाकर पंजाब के बरनाला ले जाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक जींद कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन और डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सीआईए नरवाना प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह की टीम को सूचना मिली थी। सूचना थी कि पंजाब के दो तस्कर एक कैंटर में नशीले पदार्थों की खेप लेकर पंजाब की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दबोचा सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने खनौरी रोड नरवाना पर गैलेक्सी होटल के नजदीक नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए नंबर का कैंटर नरवाना की तरफ से आता दिखा, जिसे पुलिस ने रोककर काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी नायब तहसीलदार नरेश कुमार की मौजूदगी में कैंटर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैंटर के केबिन से 30 किलोग्राम चूरापोस्त और 1 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। कैंटर से 385 कट्टे चावल भी मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के बरनाला निवासी आकाशदीप उर्फ आशु और लुधियाना निवासी परमिंदर उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सदर नरवाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। इसका उद्देश्य तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाना है।
Source link
