पलामू में राष्ट्रीय जनता दल के पिछड़ा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष जयशंकर ठाकुर (52) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। जयशंकर ठाकुर उताकी गांव के निवासी थे। वे रोज की तरह सुबह साढ़े छह बजे खेत गए थे।
.
चार घंटे तक घर नहीं लौटने पर बेटों ने खोजबीन शुरू की। उन्हें घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक खेत में मृत अवस्था में पाया गया। शव पर जलने के निशान मिले हैं।
परिजनों का आरोप है कि उन्हें एसिड से जलाकर मार दिया गया है। पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की। डॉग स्क्वायड आसपास ही घूमकर रुक गया और किसी संदिग्ध तक नहीं पहुंच सका।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने प्रथम दृष्टया इसे वज्रपात से मौत का मामला बताया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से मौसम साफ था और वज्रपात की कोई घटना नहीं हुई।
मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से बड़ा बेटा बाहर रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से लोग मौके पर पहुंच गए।
