विशाल कुशवाहा | उन्नाव5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में माखी थाना क्षेत्र के मिर्जापुर कला गांव निवासी 28 वर्षीय रिशु गुप्ता की मृत्यु हो गई। मृतक रिशु गुप्ता पुत्र रमाकांत गुप्ता रेलवे में गोंडा जिले में ग्रुप-डी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे और गेटमैन की ड्यूटी निभा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रिशु अपने बड़े भाई अंशुल गुप्ता (33 वर्ष) से मिलने सीतापुर गए थे, जो पुलिस की ट्रेनिंग कर रहे हैं। वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय औरास थाना क्षेत्र के पास सामने से आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में रिशु गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

रिशु अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई अंशुल गुप्ता विवाहित हैं, जबकि छोटे भाई आयुष (24) और मोहित (21) अभी पढ़ाई कर रहे हैं। रिशु की नौकरी वर्ष 2019 में लगी थी और वह परिवार की आर्थिक स्थिति में सहयोग कर रहे थे।
