पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में दुर्गा पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा बवाल हो गया। रविवार देर शाम हरिजन बस्ती से निकले जुलूस पर अचानक करीब 15 युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सात युवक घायल हो गए।
.
अफरा-तफरी के बीच हमलावर मौके से फरार हो गए। घायलों में ध्रुव मुखी, गोविंदा मुखी, दिनेश मुखी, रिक्की मुखी, अतुल मुखी, अमन मुखी और अजय मुखी शामिल हैं। इनमें से रिक्की मुखी की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चक्रधरपुर थाने के पास हुई घटना
घटना चक्रधरपुर थाना से कुछ ही दूरी पर हुई। बताया जा रहा है कि जुलूस जैसे ही थाना के पास से गुजर रहा था, तभी हमलावरों ने सातों युवकों को घेरकर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से जुलूस में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे और पूरे इलाके में तनाव फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, हमलावरों की पहचान हुई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायलों ने हमलावरों की पहचान कर ली है। पुलिस ने हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। सभी आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
हरिजन बस्ती में तनाव, सुरक्षा कड़ी
चाकूबाजी की घटना के बाद हरिजन बस्ती में तनाव का माहौल है। लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखने को मिल रहा है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी है ताकि स्थिति और न बिगड़े। प्रशासन का कहना है कि माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है। घायलों के इलाज पर नजर बनाए हुए है।
