इस्लामाबाद5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता जनरल अहमद चौधरी ने सोमवार को कहा कि मई में भारत से संघर्ष में उनके चीनी हथियारों ने बहुत अच्छा परफॉर्मेंस दिया था। अहमद चौधरी ने यह दावा ब्लूमबर्ग को दिए इंटरव्यू में किया। उन्होंने कहा कि
हम हर तरह की तकनीक के लिए खुले हैं। हमारी चीनी तकनीक ने बहुत अच्छा काम किया। चौधरी दावा किया कि पाकिस्तान ने 7 भारतीय फाइटर जेट्स मार गिराए थे, जबकि भारत ने एक भी पाकिस्तानी विमान नहीं गिराया।

इससे एक दिन पहले ही पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने धमकी देते हुए कहा था कि अबकी बार जंग हुई तो भारत अपने लड़ाकू विमानों के मलबे के नीचे दब जाएगा। उन्होंने भारतीय लीडरशिप पर अपनी खोई हुई विश्वसनीयता पाने के लिए भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया।
ख्वाजा आसिफ ने कहा था-
पाकिस्तान अल्लाह के नाम पर बना मुल्क है। हमारे रक्षक अल्लाह के सिपाही हैं। इस बार भारत उसके विमानों के मलबे के नीचे दब जाएगा।

भारत ने चीनी मिसाइल तबाह की थी
पाकिस्तानी सेना के दावों के उलट भारत ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के कई चीनी हथियार और डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया था।
9 मई को पंजाब के होशियारपुर जिले में एक खेत से PL-15E मिसाइल के टुकड़े बरामद किए गए थे। यह मिसाइल चीन में बनी थी। इसके बाद 12 मई को वायु सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहली बार इसका मलबा दिखाया था।
पाकिस्तान ने JF-17 लड़ाकू विमान से चीन में बनी PL-15E मिसाइल दागी थी। लेकिन उसे हवा में ही नाकाम कर दिया गया, जिससे वह अपने निशाने तक नहीं पहुंच सकी। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहली बार किसी संघर्ष में PL-15E मिसाइल का इस्तेमाल हुआ है।

चीन की PL-15E मिसाइल का मलबा, जिसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया था।
PAK सेना बोली- भारतीय सेना के बयान जंग को बढ़ावा देने वाले
पाकिस्तानी सेना के मीडिया विंग ISPR ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर कहा था कि भारतीय रक्षामंत्री और सेना के अधिकारियों के गैर-जिम्मेदाराना बयान जंग को बढ़ावा देने की कोशिश हैं।
इसके साथ ही भारतीय आर्मी चीफ उपेंद्र द्विवेदी पर निशाना साधते हुए पाकिस्तानी सेना ने कहा- जहां तक पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने की बातें हैं। भारत को पता होना चाहिए कि ऐसे हालात आते हैं, तो दोनों देश मिट जाएंगे।
दरअसल, शुक्रवार को उपेंद्र द्विवेदी ने कहा था- पाकिस्तान को सोचना पड़ेगा कि उसे मैप में रहना है या नहीं। अगर अपनी जगह बनानी है, तो उसे आतंकवाद को संरक्षण देना बंद करना पड़ेगा।

भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को राजस्थान में सैनिकों को संबोधित करते हुए।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने तबाह किए
भारत ने 7 मई को रात डेढ़ बजे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकियों के 9 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। सेना ने कहा था कि इस स्ट्राइक में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे।
पाकिस्तान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, भारत ने कोटली, बहावलपुर, मुरीदके, बाग और मुजफ्फराबाद में अटैक किया था। इसमें आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हेडक्वॉर्टर और जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर का ठिकाना भी शामिल था।


