मुख्य बातें

MP इवनिंग बुलेटिन: जहरीले सिरप से 19 मौतें, पुलिस को चैलेंज- बाप जेल से छुड़ा लेगा, चूहों के कारण रोकी ट्रेन; दिनभर की 10 बड़ी खबरें – Madhya Pradesh News

MP इवनिंग बुलेटिन:  जहरीले सिरप से 19 मौतें, पुलिस को चैलेंज- बाप जेल से छुड़ा लेगा, चूहों के कारण रोकी ट्रेन; दिनभर की 10 बड़ी खबरें – Madhya Pradesh News


MP इवनिंग न्यूज बुलेटिन में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते है, एमपी में आज, क्या रहा खास।

1. 2 और बच्चों की मौत, अब तक 19 जानें गईं, MP में जहरीले सिरप का मामला SC पहुंचा; न्यायिक जांच की मांग जहरीला कफ सिरप पीने से मंगलवार को छिंदवाड़ा के दो और बच्चों वेदांत काकुड़िया (3) और जायुषा यदुवंशी (3) ने नागपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही एमपी में कुल मृत बच्चों का आंकड़ा 19 पहुंच गया है। उधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप से बच्चों की मौतों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। इसमें मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की गई है। पढ़ें पूरी खबर

2. उज्जैन पुलिस को चैलेंज- बाप सेंट्रल जेल से छुड़ा लेगा, गिरफ्तार किया तो हाथ जोड़कर मांगी माफी उज्जैन में दो युवकों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें दोनों युवक पुलिस को अपशब्द कह रहे थे और चुनौती दे रहे थे कि यदि पुलिस उन्हें जेल भेजेगी तो उनके पिता उन्हें छुड़ा लेंगे। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद दोनों हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। 19 साल के अभिषेक चौहान और विक्की राठौर ने इंस्टाग्राम पर करीब 1 हफ्ते पहले वीडियो पोस्ट किया था। पढ़ें पूरी खबर

3. दिल्ली-इंदौर एक्सप्रेस में निकला धुआं, शॉर्ट सर्किट से घबराएं यात्री, चूहों की वजह से रुकी ट्रेन दिल्ली से इंदौर आ रही ट्रेन में मंगलवार सुबह आग लगने की सूचना पर हंगामा मच गया। ट्रेन के बी 4 कोच में धुआं निकलने पर आग लगने के संदेह से यात्री घबरा गए। ऐसे में तुरंत ट्रेन को रोका गया और बोगी खाली की गई। जांच के बाद सामने आया कि चूहों के तार काट दिए जाने से शॉर्ट सर्किट हुआ था। सुधार होने तक जंगल के बीच ही ट्रेन करीब 15 मिनट तक खड़ी रही। ट्रेन में फायर अलार्म बजने लगा था, जिससे यात्री और घबरा गए थे। पढ़ें पूरी खबर

4.सीहोर में डॉक्टर पर आरोप- बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाया, मौत, क्लिनिक बंद कर भागा

सीहोर में एक डॉक्टर पर 2 साल की बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, यहां बच्ची कोमा में चली गई। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद से डॉक्टर परिवार समेत फरार है। घटना ग्राम पिपलिया मीरा की है। यहां रहने वाले कन्हैयालाल कुशवाहा अपनी बेटी दीक्षा (2) को सर्दी-बुखार होने पर ग्राम बरखेड़ी में मुस्कान क्लिनिक पर लाए थे। यहां डॉक्टर अशोक विश्वकर्मा ने बच्ची को चेक किया था। पढ़ें पूरी खबर

5. रीवा में स्कूल से लौट रही नाबालिग से रेप, मुंह दबाकर झाड़ियों में ले गया; चिल्लाने पर लोग पहुंचे रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बदमाश ने नाबालिग छात्रा से रेप किया। पीड़िता स्कूल से घर लौट रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे मोहम्मद इरफान नाम के बदमाश ने उसे रोका। मुंह दबाकर झाड़ियों में ले गया और रेप किया। नाबालिग ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। बच्ची की चीख सुनकर लोग वहां पहुंचे। पीड़िता ने उनसे मदद मांगी। ये देखकर बदमाश इरफान भागने लगा। लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर

6 छतरपुर में केन नदी का पुल टूटा, ओवरलोड ट्रक धंसा, ड्राइवर-क्लीनर ने कूदकर जान बचाई छतरपुर जिले के गौरिहार-बारीगढ़ मार्ग पर स्थित केन नदी का पुराना पुल मंगलवार सुबह ओवरलोड रेत से भरे डंपर के धंसने से टूट गया। हादसे में पुल दो हिस्सों में बंट गया। जिससे इस मार्ग पर पूरी तरह से यातायात बंद हो गया है। डंपर के ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गए। डंपर को निकालने के लिए दो क्रेन मशीन लगाई गई। पुल टूटने से इस मार्ग पर आने वाले बम्होरी सेक्टर की 20 ग्राम पंचायतों के लोग प्रभावित होंगे। पढ़ें पूरी खबर

7. कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस में सीएम बोले-अधिकारी लगातार दौरे और लोगों से संवाद करें, गांव में रात बिताएं भोपाल में दो दिनी कलेक्टर और कमिश्नर कॉन्फ्रेंस का सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी ड्राइविंग सीट पर न आएं बल्कि आसपास रहकर व्यवस्थाओं का संचालन करें। लगातार दौरे करें, किसी गांव में रात्रि विश्राम भी करें और लोगों से संवाद करें। इस दौरान छात्रावास, स्कूल, आंगनबाड़ी, राशन दुकान, निर्माण कार्यों, हॉस्पिटल आदि का औचक निरीक्षण भी करें। कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों के कलेक्टर, एसपी समेत 250 से अधिक अफसर शामिल हो रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर

8. बारिश का सिस्टम कमजोर, लौटेगा मानसून, एमपी से 10 अक्टूबर तक विदाई; अगले 2 दिन तक हल्की बारिश होगी

अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश के बाद अब मध्यप्रदेश से मानसून विदा होगा। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक, 2 दिन बाद मानसून के लौटने की परिस्थितियां बेहतर है। यानी, 10 से 12 अक्टूबर के बीच प्रदेश से मानसून पूरी तरह से लौट जाएगा। हालांकि, इससे पहले हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। पिछले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हुई थी। भोपाल में 16 साल बाद दो घंटे में ही रिकॉर्ड ढाई इंच पानी गिर गया था। पढ़ें पूरी खबर

9. भोपाल में बजरंग दल-विहिप कार्यकर्ताओं ने किया 25 थानों का घेराव, गो तस्करी और गो हत्या का विरोध राजधानी भोपाल में लगातार सामने आ रही गो हत्या, गो तस्करी और गौमांस बरामदगी की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। संगठन ने राजधानी और आसपास के 25 थानों का एक साथ घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कई जगहों पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। संगठन ने कहा कि आज हमने सांकेतिक रूप से ज्ञापन सौंपा है। इस मामले में कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो बजरंग दल आंदोलन करेगा। पढ़ें पूरी खबर

10. जबलपुर में रोड पर लगे पंडाल का गेट गिरा, एक युवक गंभीर; कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त जबलपुर में मंगलवार को गोरा बाजार के आजाद चौक में दुर्गा मंच के लिए बना पंडाल में लगा लोहे का गेट अचानक ही गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई। साथ ही कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। स्थानीय निवासी पंकज का कहना था कि जब दुर्गा विसर्जन हो गया था, तब मंच को हटा देना चाहिए था। समिति के कार्यकर्ताओं ने ऐसा नहीं किया। पढ़ें पूरी खबर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *