छतरपुर के लवकुशनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ेरी निवासी भाजपा कार्यकर्ता जितेंद्र मिश्रा ने भाजपा जिलाध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारी कृष्णकांत गर्ग उर्फ पप्पू गर्ग को उनके पद से हटाने की मांग की है।
.
ज्ञापन में पप्पू गर्ग पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। आवेदक ने बताया कि 14 अगस्त 2024 को लवकुशनगर थाना क्षेत्र में हुए एक मारपीट के मामले में पप्पू गर्ग आरोपी था। इस मामले में जितेंद्र मिश्रा को भी झूठे आरोपों में फंसाया गया था। आरोपी वर्तमान में जमानत पर जेल से बाहर है।
जितेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया है कि पप्पू गर्ग और उसके साथी क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। उन पर शराब बिक्री, जुए और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के भी आरोप लगाए गए हैं।
आवेदक का कहना है कि ऐसे व्यक्ति को पार्टी में जिम्मेदार पद पर बनाए रखना संगठन की प्रतिष्ठा के लिए हानिकारक है। उन्होंने मांग की है कि कृष्णकांत गर्ग उर्फ पप्पू गर्ग को तत्काल युवा मोर्चा के दायित्व से मुक्त किया जाए। ऐसा न होने पर पार्टी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
इस ज्ञापन पर क्षेत्र के कई कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें अभिषेक त्रिपाठी, गोविंद ठाकुर, रघुवंश तिवारी और रमेश वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
