लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में BJP जिलाध्यक्ष दीपक कुमार के खिलाफ मुकदमा कांड संख्या 380/225 दर्ज किया गया है। यह मामला कवैया थाना क्षेत्र के KRK मैदान में आयोजित एक राजनीतिक सभा से जुड़ा है।
.
पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सह आदर्श आचार संहिता कोषांग के मजिस्ट्रेट शिवम कुमार ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के नामांकन के बाद KRK मैदान में आयोजित BJP की सभा को लेकर की गई है।
बिना अनुमति पार्टी के झंडे लगाने के आरोप
इस सभा में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद थे। आरोप है कि इस सभा के दौरान बिना अनुमति पार्टी के झंडे लगाए गए और जितनी भीड़ की अनुमति ली गई थी, उससे कहीं अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
सी-विजिल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज
स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में सी-विजिल एप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम प्रभाकर कुमार ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
