अशोकनगर जिले के मुंगावली में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का 2552वां मोक्ष कल्याणक पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जैन श्रद्धालुओं ने नगर के सभी जिनालयों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए।
.
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जिनालयों में पहुंचे। यहां श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा और भगवान महावीर स्वामी की पूजन के साथ निर्वाण लाडू समर्पित किए गए। डोल-नगाड़ों के साथ जैन समाज के लोगों ने नगर के सभी छह जिनालयों के दर्शन कर धर्म लाभ लिया।
स्टेशन रोड स्थित श्री चंद्रप्रभु जिनालय पर मोनू भैया के सानिध्य में सभी धार्मिक क्रियाएं संपन्न हुईं। पार्श्वनाथ जी लाल मंदिर में पदम् फट्टा जी ने अनुष्ठान कराए। शांतिधारा करने का सौभाग्य रूपेश, राकेश जैन मामा परिवार, बाल ब्रह्मचारी सौरभ भैया परिवार को मिला।
चंद्रप्रभु जिनालय में सुनील नायक, नीलेश मोदी, दिनेश मोदी और प्रदीप बरया परिवार ने शांतिधारा की। निर्वाण लाडू जैन समाज अध्यक्ष चंद्रेश मोदी, मुकेश मोदी, देवेंद्र चौधरी और मोनू भैया परिवार को चढ़ाने का अवसर मिला।
शाम को 48 दीपों से भगवान की महा आराधना की गई। निर्वाण महोत्सव के अवसर पर नगर में बनने वाले नए जिनालय मंदिर के लिए समाज के दो दर्जन से अधिक लोगों ने दान किया।
जैन श्रद्धालुओं ने दोपहर में गौतम गड़धर स्वामी की पूजा की और शाम को दीप प्रज्वलन कर एक-दूसरे को दीपावली की बधाई दी।

