नमस्कार, कानपुर की कल (शनिवार) की बड़ी खबरें…घाटमपुर में सुबह साढ़े तीन बजे दीना मार्केट की तीन दुकानों में आग लग गई। दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई। पत्नी, बेटी, भाभी, भतीजी और भतीजा झुलस गए। वहीं, हाईवे पर खड़े डंपर में एक ऑटो पीछे से टकरा गया। हादसे में 2 सवारियों की मौत हो गई। 3 अन्य लोग घायल हो गए। बिल्हौर के शिवराजपुर में इंडेन गैस एजेंसी पर 3 दिनों से गैस आपूर्ति बाधित है। इससे परेशान उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए रातभर लाइन में लगे रहे। कई लोग अपने साथ बिस्तर लेकर पहुंचे और वहीं पर रात गुजारी। अप्रैल का महीना ही इस बार मई-जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास करा रहा है। पिछले 18 साल का रिकॉर्ड तापमान ने तोड़ दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। अब पढ़िए सिलेसिलेवार खबरें… 1. कानपुर में लेक्चरर की पत्नी की हत्या करने वाला गिरफ्तार: क्राइम पेट्रोल देखकर बनाया प्लान था, 27 लाख के जेवर बरामद कानपुर पुलिस ने कल्याणपुर में लेक्चरर की पत्नी की हत्या के बाद हुई लूटपाट की वारदात का शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी ईशू शर्मा उर्फ आर्यन (19) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह कम समय में बड़ा आदमी बनना चाहता था। उसे क्राइम पेट्रोल जैसे अपराध आधारित सीरियल देखने का शौक था। उसने इसी सीरियल से आइडिया लेकर वारदात की योजना बनाई। वह महिला के घर में घुसा और लेक्चरर की पत्नी की हत्या करने के बाद करीब 27 लाख रुपए के जेवरात लूटकर फरार हो गया। पढ़िए पूरी खबर… 2. कानपुर के मार्केट में आग लगी, दुकानदार जिंदा जला: पत्नी-बेटी समेत 5 झुलसे; सीढ़ियां लगाकर दमकल विभाग ने रेस्क्यू किया कानपुर में शनिवार सुबह साढ़े तीन बजे दीना मार्केट की तीन दुकानों में आग लग गई। दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई। पत्नी, बेटी, भाभी, भतीजी और भतीजा झुलस गए। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर झुलसे लोगों को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में पता चला है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से दुकानों में आग लगी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। तीनों दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। आसपास के लोगों ने दमकल को फोन कर सूचना दी। 15 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां पहुंचीं। टीम ने 6 घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में घायल पांचों लोगों को घाटमपुर CHC में भर्ती कराया गया है। दुकानें एक ही परिवार के भाइयों की हैं। ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें हैं और फर्स्ट फ्लोर पर तीनों भाइयों के परिवारों के 15 लोग रहते हैं। पढ़िए पूरी खबर… 3. ‘पिटाई से आंखें काली हो गई थीं…शरीर अकड़ गया था’: दिव्यांश के भाई ने गुरुकुल की आंखों देखी बताई , मां बोली-भाई ने हमदर्दी दिखाकर मार डाला ‘गुरु जी (सौरभ) मुझे धमकी दे रहे थे, कि तुम कुछ मत बताना… कह देना कि वो (दिव्यांश) पुलिया के नीचे भाग गया था, फिर वहीं नीचे पड़ा मिला था। गुरु जी ने उसे बहुत लंबे और मोटे डंडे से मारा था। सारे बच्चे सो रहे थे, मैं भी सो रहा था। गुरु जी ने गद्दा हटाया तो मैं जाग गया। देखा कि वो (दिव्यांश) जमीन पर लेटा था। गुरु जी ने उसका हाथ पकड़ कर घसीटा, वो हिल-डुल नहीं रहा था।’ ‘फिर उसे उठा कर पानी पिलाया और गद्दे में लपेटा। सुबह तक उसकी आंखें पूरी काली हो गई थीं और पैर अकड़ गए थे। दिव्यांश की यह हालत देख कन्हैया डर गए थे, और घबरा रहे थे। मुझे धमका रहे थे कि तुम्हारे मम्मी, पापा को मार देंगे। तुम्हे बेच देंगे और तुम्हारी किडनी बेच देंगे। घर वाले नहीं माने तो तुम्हारे घर वालों का एक्सीडेंट करवा कर मरवा देंगे…’। यह कहना है गुरुकुल में पढ़ने वाले 11 साल के दिव्यांश के मामा जितेंद्र तिवारी के बेटे का। पढ़िए पूरी खबर… 4. नयागंज ज्वैलर्स शॉप में 1.5 लाख की चोरी का खुलासा: अंगूठी देखने आया युवक जेवर लेकर फरार, गर्लफ्रेंड को गिफ्ट करने पहुंचा; गिरफ्तार कानपुर के नयागंज में ज्वैलर्स की दुकान से डेढ़ लाख रुपए के जेवर चोरी करने वाले शातिर बदमाश को कलक्टरगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चोरी के बाद आरोपी मैनपुरी, शिकोहाबाद और टुंडला रेलवे स्टेशन तक घूमता रहा। इसके बाद उसने फर्रुखाबाद की एक ज्वैलरी शॉप में तीन अंगूठियां बेच दीं और चोरी के टॉप्स लेकर सोनभद्र में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने पहुंच गया। पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई। पढ़िए पूरी खबर… 5. कानपुर में गर्मी का 18 साल का रिकॉर्ड टूटा: अप्रैल में मई-जून जैसी तपिश, 41.7°C तक पहुंचा पारा; तेज धूप और लू के थपेड़ों से परेशानी कानपुर में इस बार अप्रैल का महीना ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी का एहसास करा रहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने बीते 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को सीएसए के वेदर स्टेशन में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। इससे पहले वर्ष 2008 में अप्रैल में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, जिसके बाद इतने उच्च स्तर तक पारा नहीं गया था। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन पर पारा 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन लू चलने की संभावना है। पढ़िए पूरी खबर… 6. होमगार्ड भर्ती परीक्षा: कानपुर में परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थी बोले- पेपर टफ था, दूसरी पाली की इंट्री शुरू कानपुर में आज से तीन दिवसीय होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पहला दिन है। शनिवार को शहर के 53 केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। शहर में सबसे ज्यादा 1,947 पदों पर भर्ती होनी है, जो प्रदेश के 75 जिलों में सबसे अधिक है। परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित हो रही है। प्रत्येक पाली में करीब 19,400 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन दिनों में कुल 1,16,400 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। पढ़िए पूरी खबर… 7. कानपुर में खड़े डंपर से टकराया ऑटो, 3 की मौत: तीन घायल सवारियां हैलट में भर्ती, नौबस्ता मंडी से फूल लेकर लौट रहा था कानपुर में हाईवे पर खड़े डंपर में एक ऑटो पीछे से टकरा गया। हादसे में ऑटो-रिक्शा में बैठी महिला समेत 3 सवारियों की मौत हो गई। 2 अन्य लोग घायल हो गए। राहगीरों ने डायल–112 पर जानकारी दी। मौके पर पहुंची पनकी पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक डंपर का टायर पंचर हो गया था, हादसे के वक्त ड्राइवर और क्लीनर पहिया बदल रहे थे। हादसे पनकी हाईवे पर हुआ। पढ़िए पूरी खबर… 8. कानपुर में तीन दिन से गैस की सप्लाई ठप: सिलेंडर के लिए रात में ही लाइन में लगे उपभोक्ता, इंतजार में बिस्तर लेकर गुजारी रात बिल्हौर तहसील के शिवराजपुर स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर पिछले तीन दिनों से गैस आपूर्ति बाधित है। इससे परेशान उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए रातभर वितरण स्थल पर लाइन में लगे रहे। कई लोग अपने साथ बिस्तर लेकर पहुंचे और वहीं रात गुजारी। उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर मनमानी और कालाबाजारी का आरोप लगाया है। शुक्रवार रात गैस का लोड आने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग भटपुरा गांव के निकट वितरण स्थल पर जमा हो गए। उन्होंने अपने खाली सिलेंडर लाइन में लगाकर वहीं बिस्तर बिछा लिए, ताकि सुबह वितरण शुरू होने पर उन्हें प्राथमिकता मिल सके। पढ़िए पूरी खबर… 9. कानपुर में मेयर प्रमिला पाण्डेय एक्शन मोड में:कब्जेदार नहीं हटे तो बुलडोजर चलेगा, गंदगी मिली तो कर्मचारियों का वेतन रोका महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शुक्रवार को जोन-5 सरायमीता, सीएम ग्रिड रोड और जोन-6 वार्ड-40 क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर अवैध कब्जे, गंदगी और निर्माण कार्यों में कमियां मिलने पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सबसे पहले विजय नगर सब्जी मंडी स्थित रफाका नाले की सफाई व्यवस्था देखी गई। यहां नाले की सफाई मशीन से कराई जा रही थी। वहीं मछली बाजार और पुलिया क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण पाए गए। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए कब्जेदारों को एक सप्ताह में अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी करने को कहा। समय पर कब्जा न हटाने पर नगर निगम कार्रवाई करेगा। पढ़िए पूरी खबर… 10. कानपुर में बिना टिकट यात्रियों पर रेलवे का एक्शन: 13 ट्रेनों में चेकिंग, 247 बिना टिकट पकड़े गए; 1.36 लाख जुर्माना वसूला कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार/ शनिवार को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर कीलेबंदी कर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सघन जांच की गई। इस अभियान को बिना टिकट यात्रा करने वालों और नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करना था। अभियान में उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल के निर्देश पर तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। रेलवे की टीमों ने स्टेशन पर आने-जाने वाली कुल 13 ट्रेनों में जांच की। पढ़िए पूरी खबर…
Source link
