हिसार जिले के बरवाला शहर के वार्ड नंबर 14, अग्रोहा रोड स्थित रेलवे फाटक के समीप बने एक प्लॉट के एक कमरे में एक युवक का शव मिला। कमरे में दरवाजा नहीं था और अंदर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी। साथ ही सीन ऑफ क्राइम टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने कमरे की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए।
मृतक की उम्र करीब 30 साल
जांच अधिकारी एस.आई. मेनपाल ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष प्रतीत होती है और शव दो दिन पुराना लग रहा है। मृतक के दाहिने हाथ पर “राजू” नाम का टैटू बना हुआ है, जिससे उसकी पहचान में मदद मिल सकती है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को हिसार नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
वहीं, मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि युवक की मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी।
