फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र में सड़क विकास को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने मेवला महाराजपुर के पास सेक्टर 45-46 की डिवाइडिंग रोड की मरम्मत और सुधार कार्य का शुभारंभ किया। इस सड़क की मरम्मत और केबल रिपेयरिंग सहित अन्य कार्यों पर करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के तहत आईएमसी रोड का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इस सड़क के बनने से सेक्टर 45 और 46 के रहने वाले लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा यह मार्ग दिल्ली और गुरुग्राम जाने वाले लोगों के लिए भी एक अहम रास्ता साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस रोड का जुड़ाव सूरजकुंड रोड से भी किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। गुर्जर बोले- विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह लगातार निराधार आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करता रहता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता बहुत जागरूक है और देशभक्ति की भावना लोगों में कूट-कूट कर भरी हुई है। जब से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी है, तब से देश में देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हुई है और यह हर चुनाव में देखने को भी मिल रहा है। पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई चेन प्रभावित हुई कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देश के करीब एक करोड़ लोगों ने स्वेच्छा से एलपीजी गैस की सब्सिडी छोड़ दी, जो सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर पेट्रोलियम पदार्थों की सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिसके चलते दुनिया के कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद भारत में केवल करीब तीन प्रतिशत तक ही बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि जब-जब देश पर कोई संकट आया है, चाहे वह कोरोना महामारी हो या अंतरराष्ट्रीय हालात, तब-तब देश की जनता एकजुट होकर सरकार के साथ खड़ी रही है।
Source link
