अकाली दल के नेता सीईओ को शिकायत सौंपते हुए और SSP डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल की फोटो।
पंजाब के तरनतारन उपचुनाव के बीच शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) को तरनतारन एसएसपी के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने SSP डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल के साथ 2 DSP का तबादला करने की मांग की है।
.
पार्टी ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर अकाली दल की लीडरशिप और कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी व आधारहीन FIR दर्ज करवाई जा रही हैं।
उपचुनाव के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी, जबकि 14 नवंबर को रिजल्ट आएगा।
शिरोमणि अकाली दल की शिकायत…
अब पढ़िए शिरोमणि अकाली दल की शिकायत में 4 अहम बातें…
- पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही AAP: अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता और लीगल सेल के प्रमुख अर्शदीप सिंह कलेर ने अपनी शिकायत में कहा कि अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार से रोकने के लिए उनके खिलाफ धारा 126/169 बीएनएस के तहत नोटिस जारी किए जा रहे हैं। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी तरनतारन उपचुनाव में पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है।
- 2 DSP के खिलाफ पहले ही दी थी शिकायत: कलेर ने कहा कि पार्टी ने पहले ही दो डीएसपी जगजीत सिंह और सुखबीर सिंह के खिलाफ शिकायत दी थी कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ही उन्हें तरनतारन में पोस्ट किया गया। लेकिन कार्रवाई न होने से पुलिस का मनोबल बढ़ गया और अब अकाली कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज की जा रही हैं।
- वर्करों पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे: उन्होंने आगे बताया कि अकाली दल के नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित मामलों में फंसाया जा रहा है। कई एफआईआर में उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है ताकि वे चुनाव प्रचार से दूर रहें। हाल ही में गांव ढोडे के सरपंच वरिंदर सिंह और अकाली दल की उम्मीदवार सुखविंदर कौर रंधावा के पीए मनप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
- अकाली नेता प्रभजीत गाड़ी सहित लापता: उन्होंने बताया कि अकाली कार्यकर्ता प्रभजीत सिंह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी समेत लापता है। आरोप है कि उसे सीआईए स्टाफ ने अगवा कर लिया है और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस फोर्स का इस्तेमाल किसी राजनीतिक पार्टी के खिलाफ हथियार के रूप में किया जाएगा, तो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं रहेंगे।
डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल के तबादले की मांग अकाली दल ने मांग की है कि एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल और तरनतारन के दोनों डीएसपी का तुरंत तबादला किया जाए या फिर चुनावी कार्यों में उनके हस्तक्षेप पर रोक लगाई जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया प्रभावित न हो। इसके साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि सभी पुलिस कर्मचारियों की तैनाती और नगर परिषद चुनावों में दर्ज एफआईआर की जांच के लिए एक स्वतंत्र नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
