.
जिला राजी पड़हा व्यवस्था लोहरदगा के पदाधिकारियों की अहम बैठक आज ब्लॉक परिसर स्थित नगर परिषद सामुदायिक भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता राजी पड़हा बेल लक्ष्मी नारायण भगत ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के कार्यों को मजबूत करना, सदस्यों के हक-अधिकार की मांग को राज्यपाल तक पहुंचाना और आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय करना था। बैठक में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मुद्दों पर चर्चा की। राज्यपाल से मुलाकात और हक-अधिकार की मांगें, पदाधिकारियों ने विचार किया कि किस प्रकार अपने अधिकारों के लिए प्रभावी ढंग से राज्यपाल से मुलाकात कर आवश्यक मांगें रखी जाए। पड़हा सेमिनार का आयोजन, संगठन के सदस्यों और आम जनता को जागरूक करने के िलए विभिन्न पड़हा सेमिनारों के आयोजन पर चर्चा हुई। संगठन को मजबूत बनाना, सभी क्षेत्रीय पड़हा में नियमित बैठक आयोजित कर संगठन को मजबूत करने की रणनीति तय की गई। अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे, बैठक में संगठन के भविष्य के कार्यक्रम, सामाजिक सहयोग एवं समुदाय में संगठन की सक्रियता बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की गई। लक्ष्मी नारायण भगत बेल ने कहा हमारा उद्देश्य है संगठन को प्रत्येक स्तर पर मजबूत करना और सदस्यों के हक-अधिकार की पूरी रक्षा सुनिश्चित करना। इसके लिए हमें सभी पड़हा में सक्रिय रहना होगा और जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन से उचित सहयोग लेना होगा। बैठक में सभी उपस्थित पदाधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और आगामी कार्यक्रमों व रणनीतियों पर सुझाव दिए। इसके साथ ही संगठन ने समाज में एक सकारात्मक संदेश देने और अपने उद्देश्य को साकार करने का संकल्प दोहराया। बैठक में मुख्य रूप से उप दीवान बजरंग उरांव, कोषाध्यक्ष गोसाई भगत, दीवान वीरेंद्र उरांव, उप दीवान बबलू उरांव, मंजन उरांव, जोख बेल अध्यक्ष, अनमोल राजू बाखला, जोख दीवान सुखदेव उरांव तथा अन्य पदाधिकारी गण मौजूद थे।
लोहरदगा|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत नए जिला अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इसी क्रम में आज नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं विभिन्न जिलों के पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं राजस्थान एआईसीसी पर्यवेक्षक सुखदेव भगत भी शामिल हुए। सांसद भगत ने राजसमंद एवं ब्यावर जिलों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और बताया कि स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से व्यापक चर्चा के बाद पूरी पारदर्शिता के साथ छह नामों का पैनल तैयार किया गया है। सांसद भगत ने कहा कि राहुल गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर नई ऊर्जा देने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से राज्य में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत एवं सक्रिय होगा।
