लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के बोरकोना गांव के पास गुरुवार को एक जंगली हाथी सड़क पर आ गया, जिससे अफरातफरी मच गई। यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था और महुआडांड़-नेतरहाट मुख्य मार्ग पर करीब पांच घंटे तक मौजूद रहा, जिससे दहशत का माहौल बना रहा
.
कई घंटों तक ट्रक के आसपास चहलकदमी करता रहा
एक ट्रक महुआडांड़ से नेतरहाट की ओर जा रहा था, तभी अचानक हाथी सड़क पर आ गया। ट्रक चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग गया। इसके बाद हाथी कई घंटों तक ट्रक के आसपास चहलकदमी करता रहा और फिर महुआडांड़ मुख्य शहर में प्रवेश कर गया। हालांकि, इस दौरान उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।
हाथी के सड़क पर आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग सुरक्षित रास्तों की तलाश में वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य की ओर निकल पड़े।
जंगली हाथी झुंड से बिछड़कर गुमला जिले के बांस टोली गांव की ओर से माइल होते हुए सोहर गांव पहुंचा था।
भीड़ के कारण भयभीत हो गया हाथी
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनपाल कुंवर गंझू ने बताया कि हाथी को सड़क से हटाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन भीड़ के कारण हाथी भयभीत हो गया है, जिससे उसे भगाने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह हाथी अब तक करीब 12 किलोमीटर सड़क मार्ग पर चल चुका है।
झुंड से बिछड़कर गुमला से सोहर गांव पहुंचा
वनपाल के अनुसार, यह जंगली हाथी झुंड से बिछड़कर गुमला जिले के बांस टोली गांव की ओर से माइल होते हुए सोहर गांव पहुंचा था। वर्तमान में यह हाथी महुआ नाडोस क्षेत्र की ओर बढ़ गया है, जहां वन विभाग की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और उसे जंगल की ओर वापस भेजने का प्रयास कर रही है।

हाथी कई घंटों तक ट्रक के आसपास चहलकदमी करता रहा और फिर महुआडांड़ मुख्य शहर में प्रवेश कर गया।
बच्चों को सड़क क्षेत्र से दूर रखने का आग्रह
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगली हाथी के पास जाने, उसके नजदीक भीड़ लगाने से बचें। क्योंकि इससे हाथी डर जाता है और आक्रामक हो सकता है। महुआडांड़ की मुखिया प्रमीला मिंज ने भी ग्रामीणों से वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और बच्चों को सड़क क्षेत्र से दूर रखने का आग्रह किया है।
