कांग्रेस की अनुशासन कमेटी की पहली बैठक में सिर्फ नव नियुक्त सदस्यों को न्योता दिया गया है।
हरियाणा कांग्रेस अनुशासन कमेटी की पहली बैठक चंडीगढ़ में होगी। इसके लिए 2 नवंबर की डेट तय की गई है। राज्य स्तरीय अनुशासन कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने ये बैठक बुलाई है। इस बैठक में अनुशासन कमेटी आंतरिक रणनीति तय करेगी।
.
अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की प्रक्रिया भी इस बैठक में तय की जाएगी। सबसे अहम बात यह है कि कांग्रेस की अनुशासन कमेटी की पहली बैठक में सिर्फ नवनियुक्त सदस्यों को न्योता दिया गया है। जो पार्टी में अनुशासन तोड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की आचार संहिता तैयार करेंगे।
दो दिन पहले ही कमेटी की घोषणा
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से दो दिन पहले ही हरियाणा कांग्रेस ने डिसीप्लीनरी (अनुशासन) एक्शन कमेटी की घोषणा की गई है। हरियाणा में पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके धर्मपाल मलिक को इस कमेटी चेयरमैन बनाया गया है। इसके अलावा अकरम खान, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक अनिल धन्तौड़ी, एडवोकेट रोहित जैन को कमेटी में मेंबर बनाया गया है। रोहित जैन के पास सेक्रेटरी का भी चार्ज रहेगा। कांग्रेस ने देर शाम इन नामों का ऐलान किया है।
कमेटी में पार्टी ने जातीय समीकरण साधा
कांग्रेस ने अनुशासन समिति में जाट, ओबीसी, दलित, मुस्लिम और वैश्य समाज का तालमेल बनाने का प्रयास किया है। धर्मपाल मलिक, कैलाशो सैनी हुड्डा खेमे के नजदीकी माने जाते हैं। वहीं अनिल धन्तौड़ी सुरजेवाला गुट और अकरम खान व रोहित जैन सैलजा खेमे से जुड़े हैं।
कांग्रेस ने 2 साल पहले भी बनाई थी कमेटी
इससे पहले कांग्रेस ने 2 साल पहले डिसीप्लीनरी (अनुशासन) एक्शन कमेटी बनाई थी, इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस के दक्षिण हरियाणा के नेता महेंद्र प्रताप को दी गई थी। तब इनके अलावा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना, जगबीर मलिक और चक्रवर्ती शर्मा को मेंबर बनाया गया था, मगर कमेटी कुछ खास नहीं कर पाई। अब कांग्रेस ने नए सिरे से अनुशासन कमेटी बनाई है।
