जानकारी देते हुए पीड़ित रमेश शर्मा।
गुजरात के वडोदरा में कार्यरत फरमाना गांव निवासी रमेश शर्मा का महम में ऑटो से लगभग ढाई लाख रुपए का सामान चोरी हो गया। यह घटना 27 अक्टूबर को उस समय हुई जब वे अपनी पत्नी के साथ गांव फरमाना जा रहे थे।
.
रमेश शर्मा महम बस स्टैंड पर उतरने के बाद फरमाना गांव जाने के लिए एक ऑटो में बैठे। उन्होंने अपने दो बैग ऑटो में रखे। जब वे गांव पहुंचे और अपने बैग संभाले, तो उन्होंने पाया कि एक बैग खुला हुआ था। जांच करने पर पता चला कि छोटे बैग से दो तोला सोने की चेन, एक मोबाइल फोन और 54 हजार रुपए गायब थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग ढाई लाख रुपए बताई जा रही है।
सीसीटीवी में चोर मोबाइल फेंकते दिखे
रमेश शर्मा ने अपने मोबाइल पर घंटी बजाई तो महम के एक रेहड़ी वाले ने फोन उठाया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में चोर मोबाइल फेंकते हुए दिखाई दे रहा है।
रमेश शर्मा ने पुलिस से अज्ञात चोर के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपना सामान वापस दिलाने की गुहार लगाई है। महम थाना प्रभारी (एसएचओ) सुभाष कुमार ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि चोर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है।
