मोतिहारी के पिपरा थाना क्षेत्र के नारायण पकड़ी गांव में देर रात भीषण आग लगने से एक परिवार की चार लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना में घर में बंधे एक घोड़ा और एक भैंस भी गंभीर रूप से झुलस गए।
.
पीड़ित रामानंद सिंह ने बताया कि परिवार के सदस्य खाना खाकर सोने जा रहे थे, तभी अचानक घर के पास खड़ी मोटरसाइकिल में आग लग गई। मोटरसाइकिल में आग लगने के बाद तेज़ धमाके जैसी आवाज़ हुई, जिससे सभी जाग गए और देखा कि आग पूरे घर में फैल चुकी थी।
आग की चपेट में आने से कपड़े, बिस्तर, अनाज और फर्नीचर जला
आग की चपेट में आने से घर में रखे कपड़े, बिस्तर, अनाज, फर्नीचर, पशुओं का चारा और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गए। ग्रामीणों की मदद से झुलसे हुए घोड़ा और भैंस को बाहर निकाला गया।
आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों ने बाल्टी और पंप की मदद से घंटों आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश संपत्ति नष्ट हो चुकी थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
जांच रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दी जाएगी
आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। चकिया के अंचलाधिकारी (सीओ) ने बताया कि क्षेत्रीय राजस्व कर्मचारी (सीआई) को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग बिजली व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की भी मांग कर रहे हैं।
