शराब ठेके के विरोध में धरने पर बैठी खारिया गांव की महिलाएं।
हिसार जिले के खारिया गांव की जमीन पर डोभी के पास खुले शराब ठेके का विरोध तेज हो गया है। ठेका हटवाने की मांग को लेकर शनिवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रहा। इस दौरान महिलाओं ने घर-घर जाकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया।
.
ग्रामीण महिलाएं अब इन हस्ताक्षरों की कॉपी और जिला उपायुक्त के नाम लिखा आवेदन डीसी को सौंपकर ठेका हटवाने का ज्ञापन देंगी। महिलाओं ने डीसी को दिए जाने वाले ज्ञापन पर 300 से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर करवाए हैं, जिन्होंने ठेका हटाने पर सहमति जताई है।
शराब ठेके के विरोध में धरने पर बैठी खारिया गांव की महिलाएं।
ठेका हटाने तक धरना जारी रखने की चेतावनी
धरने पर बैठी धनपति, लीलावती, प्रेमलता, संतो, सरला, मोनिका, कल्पना और पार्वती ने बताया कि यह ठेका उनकी ढाणियों के सामने है। घरों में महिलाएं, बेटियां और छोटे बच्चे रहते हैं। शराब पीकर लोग सड़क किनारे पड़े रहते हैं और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, जिससे परेशानी होती है।
महिलाओं की मांग है कि इस शराब ठेके को ढाणियों के नजदीक से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक ठेका नहीं हटाया जाएगा, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
वहीं, शराब ठेकेदार राजेंद्र सिंह ने इस संबंध में बताया कि उन्होंने नियमानुसार अनुमति लेकर ही ठेका खोला है।
