सेना का जवान फिरोजपुर से ट्रेन में सवार हुआ था। (फाइल फोटो)
चलती ट्रेन में सेना के जवान की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना लूणकरणसर से बीकानेर स्टेशन के बीच साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन की रविवार रात 11:30 बजे की है। मामले में रेलवे पुलिस ने कुछ ट्रेन अटेंडेंट को हिरासत में लिया है।
.
RPF थाना बीकानेर के SHO आनंद कुमार ने बताया- साबरमती एक्सप्रेस में सेना का जवान जिगर कुमार चौधरी फिरोजपुर (पंजाब) से सवार हुआ था। उसे साबरमती (गुजरात) पहुंचना था। रास्ते में लूणकरणसर और बीकानेर के बीच उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया।
दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। युवकों ने जिगर कुमार के शरीर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसका काफी खून बह गया। डिब्बे में खून ही खून हो गया। वह ट्रेन में तड़पता रहा। रात करीब 12:15 बजे ट्रेन बीकानेर पहुंची। यहां पहले से जीआरपी और रेलवे के डॉक्टर मौजूद थे।
डॉक्टर ने चेक किया और जिगर कुमार को बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल रेफर किया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। शव मॉर्च्युरी में रखा गया है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
सेना के जवान पर ट्रेन में चाकू से हमला किया गया, जिससे उसका काफी खून बह गया। (फोटो सोर्स-मेटा एआई)।
रेलवे अटेंडेंट हिरासत में झगड़ा करने वाले फरार हो गए। लेकिन पुलिस ने रेलवे के कुछ संविदा अटेंडेंट को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि अटेंडेंट के साथ ही सेना के जवान का झगड़ा हुआ था।
थानाधिकारी आनंद कुमार ने बताया- फिलहाल पूछताछ की जा रही है। चाकू किसने मारा, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।
FSL जांच भी होगी थानाधिकारी आनंद कुमार ने बताया- साबरमती एक्सप्रेस के जिस एसी कोच (डिब्बे) में जवान को चाकू मारा गया, उसे सील कर दिया है। यात्रियों को दूसरे डिब्बे में शिफ्ट किया गया।
ट्रेन के डिब्बे में घटनास्थल की FSL जांच भी होगी। चूंकि ट्रेन को रोका नहीं जा सकता था, इसलिए आरपीएफ के जवानों को इसी डिब्बे में रवाना किया गया।
