गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सरांगो गांव निवासी मनोज उरांव का शव गांव स्थित डैम किनारे करंज के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
.
ग्रामीणों ने सबसे पहले मनोज के शव को पेड़ से लटका देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पंचायत के मुखिया राजेश बड़ाइक और आदिवासी ममता जीवन दर्पण संस्था के कोषाध्यक्ष चंद्रदेव उरांव को दी। इसके बाद घाघरा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर घाघरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मनोज उरांव शराब के नशे में था। सुबह वह अपने घर के पास रस्सी लेकर घूम रहा था, जिसे उसकी पत्नी अंजली देवी ने छीन लिया था।
पत्नी अंजली देवी इसके बाद खेत में काम करने चली गई। सुबह करीब 10 बजे मनोज अपनी मां से घास काटने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। कुछ घंटों बाद ग्रामीणों ने उसे डैम किनारे पेड़ पर फांसी पर लटका हुआ पाया।
पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घाघरा पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है।
