तरनतारन में युवती को जबरन जहर देकर मारा। (फाइल फोटो)
तरनतारन के सदर थाना अंतर्गत गांव जोधपुर में एक 18 वर्षीय युवती को जबरन जहरीली दवा खिलाने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
मृतका की मां दलबीर कौर, जो गांव जोधपुर निवासी कुलदीप सिंह की पत्नी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि खोजकीपुर निवासी जरमनजीत सिंह और उसकी मां भोली कौर ने उनके घर में घुसकर उनकी बेटी गुरप्रीत कौर को जहरीली दवा खिला दी। इसके बाद गुरप्रीत कौर को तरनतारन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
गुरप्रीत ने आरोपी से बंद की बातचीत तो मारा
जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रेम प्रसंग के चलते हुई। आरोपी जरमनजीत सिंह दलबीर कौर की बेटी से बात करता था। आरोपी मजबी सिख समुदाय से संबंधित है, जबकि वादी जट सिख समुदाय से हैं। दलबीर कौर इस रिश्ते का विरोध करती थीं, जिसके कारण गुरप्रीत कौर ने भी आरोपी से बात करने से इनकार कर दिया था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इसी बात से नाराज होकर आरोपी की मां के उकसावे पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। सदर थाने के एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।
