लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पति से विवाद के बाद एक महिला ने अपनी तीन साल की बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। दो दिनों से लापता मां-बेटी के शव जब खेत के कुएं में तैरते मिले, तो पूर
.
यह घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र के बेलवाडीह ग्राम की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सुखमणि देवी और उसकी तीन वर्षीय बेटी दिव्या कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार रात सुखमणि देवी का पति भागीरथ यादव से घरेलू विवाद हुआ था। झगड़े के बाद वह अपनी बेटी को गोद में लेकर घर से निकल गई थी और दो दिनों तक उसका कोई पता नहीं चला।
शव निकाले जाने के बाद रोते-बिलखते परिजन
परिवारवालों और ग्रामीणों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह बेलवाडीह के लोहराटोली के पास स्थित धान के खेत में एक कुएं में दो शव तैरते दिखाई दिए। ग्रामीणों ने जब पास जाकर देखा तो महिला और एक बच्ची का शव नजर आया। पहचान होने के बाद इसकी सूचना ग्रामीणों ने तुरंत बालूमाथ थाने को दी।
पुलिस की मौजूदगी में कुएं से निकाले गए शव
घटना की जानकारी मिलते ही बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों की मदद से कुएं से दोनों शव बाहर निकाले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अन्य कोणों से भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस खेत के आसपास के इलाके की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना स्थल पर किसी संघर्ष या दबाव के निशान मौजूद थे या नहीं।

शुक्रवार की रात लड़ाई के बाद बच्ची को लेकर घर से निकल गई थी।
मायके पक्ष की ओर से शिकायत नहीं
घटना के बाद पूरे बेलवाडीह गांव में मातम का माहौल है। तीन वर्षीय बच्ची के साथ मां की इस तरह की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुखमणि और भागीरथ के बीच अक्सर विवाद होता था, लेकिन इस तरह की नौबत आएगी, किसी ने नहीं सोचा था।
समाचार लिखे जाने तक मृतका के मायके की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस पति और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने कहा कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा।
