प्रथम कुमार | गाजियाबाद3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गाजियाबाद पुलिस की कविनगर थाना और SOG टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़ किया है। यह गैंग कविनगर, बाबूधाम, सिहानीगेट और आसपास के थाना क्षेत्रों में लूट व स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस ने सुबह घेराबंदी कर गैंग के सदस्यों को पकड़ा। उनके पास से 4570 रुपये नकद, सोने की चेन के टुकड़े और स्नैचिंग का अन्य सामान बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामा, मोंटी, चिंटू, मन्जू और रजनी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि रामा इस गैंग का सरगना है। उसने पुलिस को बताया कि वे सभी मिलकर गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में सुबह-सुबह लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि रामा ने खुलासा किया कि गैंग रात को गाजियाबाद से दिल्ली के लिए कैब लेता था। इसके बाद, वे गाजियाबाद के कविनगर, बाबूधाम और सिहानीगेट क्षेत्र में पहुंचकर लूट और स्नैचिंग की वारदातें करते थे। वारदात के बाद, वे पुलिस को भ्रमित करने के लिए फिर कैब से दिल्ली लौट जाते थे।

रामा की बहनें मन्जू और रजनी भी इस गिरोह का हिस्सा थीं। उनका काम बीमारी या जरूरत का बहाना बनाकर लूटे गए गहनों को कई जगहों पर बेचना था। गैंग के अन्य दो सदस्य, मोंटी और चिंटू, घटनाओं के दौरान रामा के साथ बाइक पर रहते थे और मौके की निगरानी करते थे। फरार आरोपियों में रामा का भाई श्यामा, दिनेश और पंकज शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रामा पर पहले से लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। मई महीने में रामा, श्यामा और दिनेश को कौशांबी थाने से जेल भेजा गया था, और वे हाल ही में जुलाई में जेल से बाहर आए थे।
ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है और गैंग के अन्य नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया जाएगा।
