सुजीत कुमार | बलरामपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बलरामपुर में महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह अखिल भारतीय प्राइज मनी हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। एम.एल.के. पीजी कॉलेज के हॉकी मैदान पर यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 19 से 23 दिसंबर तक आयोजित होगा। पाँच दिवसीय इस आयोजन में देशभर की 14 प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी।
शुक्रवार शाम को कॉलेज के पुस्तकालय सभागार में टूर्नामेंट आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव रिटायर्ड कर्नल संजीव कुमार वार्ष्णेय ने की। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट 1938 से लगातार आयोजित हो रहा है और इसकी गौरवपूर्ण विरासत को बनाए रखने के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है।

मुख्य अतिथि एवं प्रबंध समिति के निवर्तमान सचिव रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल आर.के. मोहन्ता ने बताया कि यह आयोजन केवल कॉलेज का नहीं, बल्कि पूरे बलरामपुर की जनता के सहयोग और उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों से टूर्नामेंट की सफलता में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
प्राचार्य प्रो. जे.पी. पाण्डेय ने पिछले वर्ष के आयोजन की समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।आयोजन सचिव डॉ. राजीव रंजन ने जानकारी दी कि 14 में से लगभग 11 टीमों ने अपनी सहमति भेज दी है, और शेष टीमों की पुष्टि शीघ्र ही मिल जाएगी।
उन्होंने सभी से सुझाव और सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।डॉ. आलोक शुक्ल और क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. बी.एल. गुप्त ने टूर्नामेंट को और सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य प्रो. आर.के. सिंह, पूर्व नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के प्रतिनिधि शाबान अली, प्रतिनिधि इकबाल फ्लावर, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष रघुनाथ अग्रवाल, सचिव अजय श्रीवास्तव, डॉ. एम.पी. तिवारी, प्रो. मोहिउद्दीन अंसारी, प्रो. एस.पी. मिश्र, सोमेंद्र विक्रम सिंह, खेलप्रेमी मोहम्मद हसन कुरैशी, मोहम्मद जकी, डॉ. राकेश चन्द्र, रवि मिश्र, डॉ. मोहम्मद अकमल, मीडिया प्रभारी लेफ्टिनेंट डॉ. देवेन्द्र कुमार चौहान, डॉ. शालिनी सिंह, राशि सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
