जयनेंद्र वार्ष्णेय | सिकंदराराऊ, हाथरस3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सिकंदराराऊ कोतवाली।
हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव अगरौली के एक युवक ने शुक्रवार को अपने अपहरण की झूठी सूचना देकर सनसनी फैला दी। उसने यह नाटक अपनी प्रेमिका को 6000 रुपये देने के लिए रचा था। परिजनों ने अपहरण की खबर सुनते ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दोपहर में युवक को कासगंज रोड स्थित गांव गनथरी शाहपुर के बाहर से बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, गांव अगरौली निवासी संदीप पुत्र गिरिराज सिंह का कानपुर की एक युवती से संबंध था। संदीप ने उस युवती से 6000 रुपये उधार लिए थे। युवती लगातार पैसों की वापसी के लिए दबाव बना रही थी। संदीप ने अपने परिजनों से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया।
शुक्रवार सुबह संदीप ने अपने परिजनों को व्हाट्सएप कॉल किया और बताया कि उसका अपहरण हो गया है। उसने कहा कि अपहरणकर्ता उसे छोड़ने के बदले 6000 रुपये फिरौती मांग रहे हैं। इस कॉल से घबराकर परिजन तुरंत कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस हरकत में आ गई। हाथरस से एसओजी टीम भी बुलाई गई। पुलिस ने कॉल लोकेशन के आधार पर संदीप की तलाश शुरू की। गहन छानबीन के बाद दोपहर तक संदीप का पता कासगंज रोड पर स्थित गांव गनथरी शाहपुर के आसपास चला।
लोकेशन के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदीप को बरामद कर लिया। इस मामले पर सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और गहन खोजबीन के बाद युवक का पता लगा लिया। युवक के खिलाफ कोतवाली में अपहरण की झूठी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
