दानिश ।हापुड़3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हापुड़ में पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक हापुड़ ने पुलिस ध्वज के सम्मान में ध्वजारोहण किया।
इसके बाद एसपी केजी सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डीजीपी उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में पुलिस बल को कर्तव्य परायणता, अनुशासन और सेवा-भाव की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

ध्वजारोहण के उपरांत एसपी ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस ध्वज हमारी बहादुरी, अनुशासन, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। यह हमें हर परिस्थिति में सत्य, न्याय और जनता की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने जोर दिया कि सभी का दायित्व है कि पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए अपने कर्तव्यों का सर्वोत्तम तरीके से निर्वहन करें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस झंडा दिवस न केवल परंपरा का प्रतीक है, बल्कि यह हमें उन वीर पुलिसकर्मियों के बलिदान की भी याद दिलाता है, जिन्होंने अपने कर्तव्य के लिए प्राण न्यौछावर कर दिए।

एसपी ने पुलिस बल को जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने, तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, जिसे कड़ी मेहनत और पारदर्शिता के साथ कायम रखा जा सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी, जवान और अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। अंत में एसपी ने सभी को कर्तव्यनिष्ठा, सौहार्द और अनुशासन के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।
