शिवहर के गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में दो दिवसीय पैरेंट्स-फैकल्टी मीटिंग का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 6 और 7 दिसंबर को आयोजित इस बैठक में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षकों के साथ छात्रों की प्रगति, समस्याओं पर विस्तार से चर्च
.
बैठक के दूसरे दिन भी कॉलेज परिसर में अलग-अलग विभागों के अभिभावकों की उपस्थिति रही। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक प्रदर्शन, उपस्थिति, लैब प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट वर्क, अनुशासन, हॉस्टल व्यवस्था और करियर मार्गदर्शन जैसे मुद्दों पर फैकल्टी सदस्यों से बातचीत की। शिक्षकों ने प्रत्येक छात्र से संबंधित विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और सुधार के बिंदुओं पर भी चर्चा की।
अभिभावकों ने कॉलेज में चल रहे मेंटरशिप सिस्टम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को व्यक्तिगत स्तर पर मार्गदर्शन मिलता है, जो उनकी प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केशवेंद्र चौधरी ने बैठक के सफल आयोजन पर सभी अभिभावकों और संकाय सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बैठकें छात्रों के भविष्य को मजबूत बनाती हैं और कॉलेज छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी क्षमता से काम कर रहा है।
डॉ. चौधरी ने बताया कि कॉलेज लैब सुविधाओं के विस्तार, तकनीकी गतिविधियों, प्लेसमेंट प्रशिक्षण, डिजिटल लर्निंग और मेंटरशिप सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। कॉलेज रजिस्ट्रार प्रोफेसर चंदन कुमार ने भी अभिभावकों के साथ विस्तार से चर्चा की और बताया कि कॉलेज प्रत्येक छात्र की क्षमता को पहचान कर उसे सही दिशा देने का प्रयास कर रहा है।
दो दिनों तक चले इस संवादात्मक कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से छात्रों को लाभ मिलता है। इस दो दिवसीय पैरेंट्स-फैकल्टी मीटिंग के सफल संचालन में अकादमिक इंचार्ज डॉ. शाहादत हुसैन और एसएसी कोऑर्डिनेटर प्रो. राजू कुमार शर्मा का भी अहम योगदान रहा।
