जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने प्रेम संबंध में जुड़े एक युवक और युवती को पकड़कर उनका निकाह करा दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब एक माह पुराना है, जब रमजान का महीना चल रहा था। जानकारी के अनुसार, यह घटना आढ़ा गांव की है। ग्रामीणों ने एक मुस्लिम प्रेमी जोड़े को मिलते हुए पकड़ा और मौके पर ही उनका निकाह करा दिया। आढ़ा गांव निवासी नौशाद शाह की बेटी मुनि परवीन और चंद्रदीप निवासी मोहम्मद इमरान के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परसा इलाके में संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा
दोनों मोबाइल फोन पर बात करते थे और अक्सर मिलते-जुलते थे। करीब एक माह पहले ग्रामीणों ने उन्हें परसा इलाके में संदिग्ध स्थिति में घूमते देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी। धीरे-धीरे मौके पर भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी दोनों के परिजनों को दी गई। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने दोनों परिवारों की मौजूदगी में मौके पर ही निकाह कराने का निर्णय लिया। इसके लिए एक हाफिज (मौलवी) को बुलाया गया, जिन्होंने सभी औपचारिकताओं के साथ दोनों का निकाह संपन्न कराया। बताया गया है कि बाद में दोनों परिवारों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया और किसी प्रकार का विवाद नहीं हुआ। थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई
इस पूरे मामले में अब तक किसी भी पक्ष द्वारा थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ इसे सामाजिक पहल मान रहे हैं, तो कुछ इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता में हस्तक्षेप के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल, प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Source link
