औरैया13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

औरैया में लव मैरिज से खफा लड़की के परिजनों ने उसके पति को पेड़ से बांधकर पीटा। इसके बाद उसे गांव वालों के सामने जूते चप्पलों की माला पहनाई। फफूंद थाना क्षेत्र में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर वीडियो वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिश्चंद्र, निवासी तैयापुर, थाना भरथना, जिला इटावा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके बेटे उपेंद्र सिंह उर्फ राजा का प्रेम विवाह 29 नवंबर 2025 को कल्पना, निवासी बोझा सरावा, थाना भरथना, जिला इटावा से हुआ था। विवाह के बाद उनकी बहू कल्पना अपने ननिहाल ग्राम रामपुर कुंवर, थाना फफूँद, जिला औरैया में अपने नाना हेरताम के यहां गई हुई थी।
तहरीर के अनुसार, इसी दौरान उपेंद्र सिंह को बहू के ननिहाल पक्ष के लोगों ने बुलाया। आरोप है कि ग्राम तैयापुर के कुछ लोगों के साथ मिलकर उन्हें बंधक बना लिया गया। इस मामले में राजाराम पुत्र खुबीर सिंह और आलोक बाबू पुत्र जवर सिंह को नामजद किया गया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि 5 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 2 से 4 बजे के बीच आरोपियों ने उपेंद्र सिंह के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। उसे एक पेड़ से बांध दिया गया और जूते-चप्पलों की माला पहनाकर उसका वीडियो बनाया गया।
बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर युवक की सामाजिक छवि को धूमिल किया गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक मानसिक तनाव में आ गया है। तहरीर में यह भी आरोप है कि आरोपियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
