मुजफ्फरनगर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मेरठ रोड पर प्रदूषण फैलाने वाली तीन फैक्ट्रियों को सील कर दिया है। इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में अन्य यूनिट संचालकों के बीच हलचल देखी गई। स्थानीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी गीतेश चंद्रा के नेतृत्व में एई कुंवर संतोष कुमार और जेई राजा गुप्ता की टीम ने मेरठ रोड के सुजड़ू क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एफआर इंटरप्राइजेज, एएस ट्रेडर्स और एसजे ट्रेडर्स नामक तीन फैक्ट्रियों की जांच की गई। जांच में गंभीर वायु प्रदूषण पाया गया और फैक्ट्री संचालक ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ (CTO) सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने तत्काल प्रभाव से तीनों यूनिटों को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, ये सभी मेटल रिकवरी प्लांट हैं, जो बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहे थे और लगातार प्रदूषण फैला रहे थे। एई कुंवर संतोष कुमार ने बताया- विभाग को इन यूनिटों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति और प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
Source link
