छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज का प्रथम जिला स्तरीय वार्षिक अधिवेशन रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान बालोद में संपन्न हुआ। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों और अतिथियों ने सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया, वहीं दो जोड़ों का आदर्श विवाह भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 10 बजे कलश यात्रा के साथ हुआ। दिल्लीवार कुर्मी भवन बालोद से निकली इस यात्रा में 2100 से अधिक महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर नगर भ्रमण किया। जय स्तंभ चौक, मधु चौक, सदर बाजार होते हुए कलश यात्रा कार्यक्रम स्थल सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान पहुंची। इस दौरान डीजे की धुन पर समाज के लोग नाचते-गाते चले, छत्रपति शिवाजी महाराज के गगनभेदी जयकारे लगे और जमकर आतिशबाजी की गई। कलश यात्रा का शुभारंभ पाटेश्वर धाम, डौंडीलोहारा के श्री राम बालक दास जी महात्यागी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की आरती उतारकर किया गया। भूपेश बघेल बोले- समाज के विकास के लिए एकजुट होना जरूरी कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री और पाटन विधायक भूपेश बघेल ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी को एक मंच पर आकर एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने आदर्श विवाह की सराहना करते हुए कहा कि आज जहां खर्चीली शादियां बढ़ती जा रही हैं, वहीं समाज द्वारा कराए जा रहे आदर्श विवाह निश्चित रूप से प्रशंसनीय और अनुकरणीय हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न समाजों को दी गई सहायता राशि का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों की आलोचना भी की। जनगणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दुर्ग विजय बघेल ने कहा कि कुर्मी समाज की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए समाज की जनगणना कराने का निर्णय लिया गया है। इसमें समाज के सभी लोगों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि समाज को आगे ले जाने के लिए सतत चिंतन करें। सभी वर्गों को समान महत्व दें और समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास करें। अखिल भारतीय कुर्मी समाज महासभा की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष लता ऋषि चंद्राकर ने महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि समाज में जागरूकता बढ़ी है और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। कार्यक्रम को प्रीतपाल बेलचंदन, गुरुदेव वीरेंद्र देशमुख एवं जांजगीर विधायक व्यास नारायण कश्यप ने भी संबोधित किया। इस दौरान कार्यक्रम में आयुर्वेद चिकित्सक भेड़ी वीरेंद्र देशमुख, जिला पंचायत बालोद की अध्यक्ष तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर, उपाध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी समाज प्रीति देशमुख, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र देशमुख, जिला अध्यक्ष पाटीदार कुर्मी समाज मोहन भाई पटेल, केंद्रीय अध्यक्ष तिरेला कुर्मी समाज ललित काकडे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जांजगीर विधायक व्यास नारायण कश्यप, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जगदीश देशमुख, कोमल देशमुख एवं राधेश्वरी देशमुख ने किया।
Source link
