राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के संकेत हैं। न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे सुबह और शाम की ठंड पहले की तुलना में कम महसूस होगी। हालांकि सुबह के समय हल्की ठंड बनी रहेगी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर साफ नजर आएगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल किसी सिस्टम के सक्रिय न होने के कारण मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। 23 जनवरी तक सुबह में कोहरा, दिन रहेगा साफ मौसम विभाग ने बताया कि 23 जनवरी तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। खासकर उत्तरी और मध्य भागों में सुबह दृश्यता प्रभावित हो सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंट जाएगा और आसमान साफ रहेगा। धूप तेज रहने के कारण दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। राजधानी रांची में भी सुबह हल्का कोहरा रहने की संभावना है। मौसम शुष्क रहने से खेतों में कामकाज सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर आंशिक असर पड़ सकता है। गुमला में अब भी सबसे अधिक ठंड राज्य में सबसे अधिक ठंड गुमला जिले में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। जिला प्रशासन ने बच्चों को ठंड से बचाने के लिए सतर्कता बरतने की अपील की है। रांची में जिला प्रशासन ने केजी से लेकर छठी कक्षा तक की कक्षाएं सुबह नौ बजे के बाद संचालित करने का निर्देश जारी किया है। यह आदेश 24 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें। साथ ही बुजुर्गों और बीमार लोगों को भी सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकतम तापमान में होगी बढ़ोत्तरी मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान लगातार बढ़ेगा। इससे दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा और सुबह-शाम की ठंड में कमी आएगी। गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और दुमका में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गोड्डा और पाकुड़ में तीसरे और चौथे दिन 30 डिग्री तापमान दर्ज होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी 14 डिग्री तक जा सकता है। रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री के बीच रहेगा। रांची में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 26–27 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री के बीच रहेगा। गुमला में हालांकि रात का तापमान अब भी सबसे कम 4 से 8 डिग्री के बीच बना रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में भी तापमान तेजी से बढ़ेगा। यहां अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।
Source link
