पंकज अहलावत के परिवार की ओर से सौंपी गई वीडियो में हथियार लहराते युवक आशु बिरधाना। परिवार का दावा हथियार पुलिसकर्मी अमरजीत का है। अमरजीत भी इस पार्टी में बैठा दिखाई दे रहा है।
हरियाणा के झज्जर में भाजपा नेता आनंद सिंह के बेटे पंकज अहलावत के कथित एनकाउंटर केस में बड़ा सुबूत परिवार की ओर से एसआईटी को सौंपा गया है। परिवार ने पेन ड्राइव में तीन ऐसे वीडियो एसआईटी को सौंपे है, जिसमें पुलिसकर्मी और संगीन मुकदमों में नामजद बदमाश एक
.
इस वीडियो को लेकर परिवार का दावा है कि बदमाशों के हाथ में जो हथियार हैं, वो पुलिसकर्मी अमरजीत का सरकारी हथियार है। अमरजीत वहीं पुलिसकर्मी हैं, जिनकी शिकायत पर झज्जर थाने में पंकज के खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। परिवार का दावा है कि शराब पार्टी के वीडियो में जो बदमाश पुलिसकर्मी अमरजीत के साथ दिख रहे हैं, वही बदमाश उस दिन होटल गैलेक्सी में भी मौजूद थे।
होटल में मौजूद बदमाशों की पहचान बिरधाना के आशु, अमित और अन्य के तौर पर हुई है। परिवार की ओर से एसआईटी को सौंप गए इन वीडियो से पुलिस की एनकाउंटर की कहानी एक बार फिर से संदेह के घेरे में आ गई है।
बता दें कि 15 जनवरी की रात को पंकज अहलावत को पुलिस एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया था। उस पर पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया था। मामला बीजेपी नेता से जुड़ा होने के कारण और खाप पंचायतों के इस मुद्दे को उठाने पर मुख्यमंत्री ने एसआईटी से जांच कराने की बात कही थी। इसी के बाद सोनीपत कमिशनर ममता सिंह की अगुवाई में एसआईटी बनाई गई है, जो मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
पंकज के परिवार की ओर से सौंपे गए वीडियो के 2 PHOTOS…
एक वीडियो में एक खटोला जेल के भीतर गाने पर अश्लील इशारे करते युवक और येलो टीशर्ट में मुस्करा रहा पुलिसकर्मी अमरजीत (रेड सर्किल में)।

शराब पार्टी में सिगरेट में नशा भरते युवक।
4 प्वाइंट में समझिए SIT को सौंपे वीडियो में क्या….
- परिवार ने एसआईटी को 3 वीडियो सौंपे : डीघल गांव निवासी पंकज अहलावत के परिवार की ओर से SIT को 3 वीडियो सौंपे गए है। इनमें एक 21 सेकेंड, दूसरा 24 सेकेंड और तीसरा 7 सेकेंड का है। इसके अलावा दो अन्य युवकों से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी बतौर सुबूत सौंपी गई है।
- शराब पार्टी में बैठे हैं पुलिसकर्मी-बदमाश : परिवार की ओर से सौंपे गए वीडियो में दिख रहा है कि एक टेबल पर शराब-बीयर रखी है। इसके चारों तरफ कुछ युवक बैठे हैं। कुछ युवक ड्रग्स लेते हुए दिख रहे हैं। परिवार के अनुसार यलो टीशर्ट में सीआईए टीम का हिस्सा अमरजीत और सिर पर कपड़ा बांधे युवक आशु बिरधाना बैठा है।
- आशु बिरधाना के हाथ में सरकारी हथियार : शराब पार्टी के दौरान आशु बिरधाना के हाथ में हथियार है। इसे लेकर परिवार का दावा है कि वो अमरजीत का सरकारी असलहा है, जिसे लेकर वह स्टंट कर रहा है। एक युवक के समझाने पर वह उसे जेब में डाल लेता है। पार्टी के दौरान बीच में हुक्का भी चल रहा है।
- एक खटोला जेल के भीतर गोन पर अश्लील इशारे : शराब पार्टी में मासूम का गाना एक खटोला जेल के भीतर बज रहा है। जिस पर युवक अश्लील इशारे कर रहे हैं। यलो टीशर्ट में बैठा पुलिसकर्मी अमरजीत मुस्कुरा रहा है। वहीं, आशू बिरधाना को अपनी तरफ बुलाकर वह कान में कुछ कहता हुआ दिखाई दे रहा है।

शराब पार्टी में हुक्का भी गुड़गुड़ाया जा रहा है।
एनकाउंटर वाली रात को लेकर परिवार ने कही 3 अहम बातें…
- आपराधिक पृष्ठभूमि वाले युवकों से विवाद शुरू: परिवार के मुताबिक, झज्जर में 15 जनवरी की रात गेलेक्सी होटल में पंकज अहलावत अपने वकील दोस्त के साथ साढ़े 9 बजे गया, जहां पर पहले से मौजूद 6-7 लोग शराब पार्टी कर रहे थे। इन लोगों ने पंकज के दोस्त वकील के साथ बदतमीजी की। इस पर पंकज की उनके साथ कहासुनी हुई। उनके हावभाव और रंगढंग से पंकज को आभास हुआ कि इनमें से कुछ लोग नशेड़ी और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। मौके की नजाकत देख पंकज अपनी गाड़ी के पास आ गया।
- पंकज ने सुरक्षा के लिए लाइसेंसी हथियार निकाला : परिवार का आरोप है कि पंकज को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बिरधाना निवासी आशु, अमित व भगता उसके पीछे-पीछे कार के पास आ गए। गाड़ी घेर कर खड़े हो गए। परिस्थिति को समझते हुए पंकज ने अपनी सेफ्टी के लिए कार के डैशबोर्ड से अपना लाइसेंसी हथियार निकाल लिया। पंकज के पास हथियार देखकर इन लोगों ने झगड़े के इरादा बदल लिया। परिस्थिति को देखते हुए पंकज भी इनसे पीछा छुड़ाकर वहां से निकल लिया।
- अमरजीत की टीम ने किया पीछा : परिवार ने एसआईटी के सामने पक्ष रखते हुए कहा कि इन बदमाशों के साथ कहासुनी होने के बाद जब पंकज वहां से निकल गया, तो सफेद कार ने उसका पीछा करना शुरू किया। बार-बार ओवरटेक करने और सामने हथियार दिखाने के कारण उत्पन्न हुई परिस्थिति में पंकज ने सेल्फ डिफेंस के लिए केवल एक फॉयर किया। बाद में सामने आया कि वो पुलिस की टीम थी, जिसमें बदमाशों के साथ गठजोड़ रखने वाला अमरजीत भी था।

झज्जर के पेट्रोल पंप से बाइक लेकर निकलते हुए रोहित।
फ्लिपकार्ट कंपनी के वर्कर रोहित के परिवार ने भी सौंपा सीसीटीवी फुटेज अच्छेज-पहाड़ीपुर गांव निवासी रोहित के परिवार ने SIT को बताया कि रोहित फर्रुखनगर स्थित फ्लिपकार्ट कंपनी में जॉब करता है। जहां रात के 9 बजे उसकी शिफ्ट खत्म होती है। साढे 9 बजे कंपनी की बस चलती है, जो झज्जर में करीब 10 बजे पहुंचाती है। घर आने के लिए गांव के मुख्य मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर रोहित बाइक छोड़ता है। झज्जर से उक्त पेट्रोल पंप तक रोहित कंपनी के साथियों के साथ किराए की कार में आता है।
घटना की रात को पंप से बाइक उठाने के बाद रास्ते में वह पानी के लिए हैंडपंप पर रुक गया। इसी दौरान पंकज ने उससे पूछा था कि वह कौन सी जगह पर है। पंकज को केवल उसने जगह बताई थी। कुछ देर में ही पंकज को पुलिस ने घर पहुंचने से पहले उठा लिया। पंकज को वह पहले न कभी मिला और न ही उसे जानता।
फोन आने पर मदद करने गया था नीतेश नीतेश के परिवार ने एसआईटी को बताया कि उनका बेटा तो कुलताना निवासी पंकज के रिश्तेदार का फोन आने पर उसे लेने के लिए वैगनआर कार लेकर निकला था। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी टीम को दी गई है। आरोप है कि पुलिस ने नीतेश को गोली मारने वाले पंकज का साथी बना दिया। परिवार के अनुसार नीतेश ने उन्हें बताया कि पुलिस उसे भी गोली मारना चाहती थी, लेकिन एक पुलिसकर्मी ने मौके पर कह दिया कि ज्यादा हो जाएगा। इसके बाद उसे गोली नहीं मारी गई।

डीघल निवासी पंकज अहलावत के पिता आनंद सिंह अपना पक्ष रखते हुए।
पंकज के पिता ने क्या आरोप लगाए…
- कहासुनी के बाद होटल से निकला: आनंद सिंह ने बताया कि 15 जनवरी की रात पंकज अपने वकील दोस्त के साथ झज्जर शहर के सांपला रोड पर स्थित गैलेक्सी होटल में गया था। वहां पर पंकज करीब कुछ देर ही रुका। उन्होंने खाने का ऑर्डर दिया। यहां शराब पी रहे लोगों से कहासुनी हुई। पंकज के वहां से निकलते ही उसकी गाड़ी के पीछे किसी की गाड़ी लगी।
- डर से पीछे गाड़ी पर गोली चलाई: आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि न तो वह पुलिस की गाड़ी थी और न ही उसमें कोई व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था। उन्होंने पंकज की गाड़ी का पीछा करते हुए 3 ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। उसी दौरान पंकज ने डर की वजह से उन पर अपनी लाइसेंसी हथियार से डराने की नीयत से फायर कर दिया। उसे नहीं पता था कि सामने वाला पुलिस वाला है या कोई बदमाश।
- पुलिस की गाड़ी आती देख रुका: पिता ने आगे बताया कि गोली चलाने के बाद पंकज गाड़ी लेकर वहां से भाग गया। आगे जाकर उसकी गाड़ी में पंचर हो गया। उसने अपने साथी को फोन कर दूसरी गाड़ी मंगवाई। इसके बाद फिर गाड़ी पंकज का पीछा करने लगी। इसके बाद उसने गांव अच्छेज की आबादी एरिया में गाड़ी ले गए। गांव के पास पंकज ने देखा कि उसके पीछे पुलिस की गाड़ी है तो वह रुक गया।
- बयान दर्ज कराने को कहा: आनंद सिंह ने आरोप लगाया कि पंकज गाड़ी से उतर गया। पंकज के साथ पुलिसवालों ने कुछ देर बात भी की और पूछा कि तुमने गोली चलाई है? इस पर उसने जवाब दिया कि कोई मेरी गाड़ी का पीछा कर रहा था, तभी डर से उसने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई। पुलिस को उसने लाइसेंस और हथियार सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि गोली से एक पुलिस कर्मचारी घायल हो गया है। आप साथ चलकर अपना बयान दर्ज कराओ।
- ऊपर बैठकर पैर में गोली मारी: पंकज के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस पंकज को अपनी गाड़ी में ले गई। वे उसे खेतों में ले गए, जहां दो-तीन पुलिस कर्मचारियों ने पंकज को नीचे गिरा लिया और उसके ऊपर बैठकर उसके पैर में गोली मार दी। पंकज को गोली मारने के बाद उन्होंने अपनी गाड़ी को पंकज की गाड़ी से टकराया और फिर पंकज के हथियार से दो फायर किए।

घायल ASI प्रवीण कुमार का झज्जर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिसके पंकज की ओर से चलाई गई गोली से घायल होने का दावा किया गया है।
पुलिस ने पंकज पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए
पहली FIR: गाड़ी में अवैध असलहा की सूचना पर पीछा किया झज्जर शहर थाने में हवलदार अमरजीत की शिकायत पर FIR दर्ज हुई। जिसमें कहा- ASI प्रवीन के साथ प्राइवेट गाड़ी i20 में ड्यूटी पर थे। मुखबिर ने सूचना दी कि HR14U-8642 में अवैध असलहा है।
सांपला फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी की। संदिग्ध गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने गाड़ी भगा ली। सुर्खपुर मोड़ के पास फिर गाड़ी रोकने की कोशिश की तो कार में बैठे लड़कों ने पुलिस पार्टी पर गोली चलाई। गोली ASI प्रवीन को लगी। आरोपी गाड़ी भगा ले गए। रात 10ः45 बजे पुलिस कंट्रोलरूम से वीटी हुई।
दूसरी FIR: पुलिस की गाड़ी पर दो फायर किए CIA के इंस्पेक्टर राम अवतार की शिकायत पर बेरी थाने में दूसरी FIR दर्ज हुई। जिसमें कहा- CIA इंस्पेक्टर कर्मबीर सिंह ने फोन पर सूचना दी कि आल्ट्रोज कार (HR14U-8642) में सवार 4-5 लड़के ASI प्रवीन को गोली मारकर भागे हैं। रात 11ः30 बजे पहाड़ीपुर से जहाजगढ़ के बीच यह गाड़ी दिखी। रुकने का इशारा किया तो बोलेरो गाड़ी को टक्कर मारी। 3 युवक नीचे उतरे। तभी एक युवक ने पुलिस टीम की गाड़ी पर दो फायर किए, जो शीशे पर लगे।
फिर युवक खेतों की तरफ भागे। पुलिस ने उनके पैरों पर निशाना साधकर फायर किया। गोली एक के टखने पर लगी। पकड़े गए युवक ने अपना नाम पंकज बताया। फिर नीतिश और रोहित पहाड़ीपुर को भी पकड़ा, जो पिस्तौल बरामद हुआ, उस पर वेबले स्कॉट इंग्लैंड मार्का है।

———————
झज्जर एनकाउंटर से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
भाजपा नेता के बेटे का एनकाउंटर:पैर में गोली लगी, झज्जर पुलिस का ASI भी घायल; पिता बोले- एनकाउंटर फर्जी, पीठ पर बैठकर मारी गोली

हरियाणा के झज्जर में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 4 बदमाशों और पुलिस के विशेष दस्ते के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक एएसआई गोली लगने से घायल हो गया। उनकी जांघ पर गहरा घाव हो गया। फायरिंग करते हुए बदमाश भाग गए, जिसकी सूचना मिलते ही झज्जर सीआईए की टीम उनके पीछे लग गई और घेराबंदी कर ली। सीआईए के साथ हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। (पूरी खबर पढ़ें) झज्जर एनकाउंटर केस, खाप पंचायत ने कमिश्नर से की मुलाकात:घायल युवक पंकज का भाई बोला- सबूत पेश किए, एसआईटी की जांच पर भरोसा

झज्जर के बहुचर्चित एनकाउंटर मामले को लेकर गुरुवार को खाप पंचायत ने सोनीपत कमिश्नर ममता सिंह से मुलाकात की। इस दौरान खाप पंचायत की ओर से मामले से जुड़े अपने सबूत कमिश्नर के सामने रखे और मामले की जांच की मांग की। खाप पंचायत ने कहा कि उन्हें जांच टीम, कमिश्नर ममता सिंह और मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष व सही जांच होगी। (पूरी खबर पढ़ें)
